भाजपा घोषणा पत्र और आरोप पत्र समिति की बैठक में बनेगी मिशन 2023 पर रणनीति

रायपुर(realtimes) भाजपा के प्रदेश और चुनाव प्रभारी ओम माथुर आज दाेपहर काे पहले तीन बजे घोषणा पत्र समिति और शाम काे चार बजे आरोप पत्र समिति की बैठक लेंगे। इन बैठकाें में मिशन 2023 पर रणनीति बनाई जाएगी। की घोषणा पत्र समिति की बैठक में हर विधानसभा में सदस्यों को भेजकर रायशुमारी कराने की रणनीति बनेगी। बैठक में सह प्रभारी नितिन नवीन और प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव भी शामिल होंगे।
प्रदेश भाजपा संगठन ने घोषणा पत्र समिति की कमान दुर्ग के सांसद विजय बघेल को सौंपी है। इसी के साथ पूर्व राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम, पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल और विधायक शिवरतन शर्मा को सह संयोजक बनाया गया है। समिति में 27 सदस्य भी रखे गए हैं। अब समिति की पहली बैठक हो रही है।
सबसे होगी रायशुमारी
बैठक में मुख्य रूप से घोषणा पत्र बनाने से पहले सभी विधानसभाओं में सदस्यों को भेजकर हर वर्ग से रायशुमारी करने की रणनीति बनाई जाएगी। समिति में इसीलिए ज्यादा सदस्य रखे गए हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचा जा सके। संयोजक विजय बघेल का कहना है, यह बात तय है कि पूरे प्रदेश में विधानसभाओं का दौरा करके सबसे रायशुमारी करके ही घोषणा पत्र तैयार किया जाएगा। जिनके साथ छलावा हुआ है, उनकी भावनाओं से भी अवगत होकर उनके लिए भी काम किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ सबका विकास को अहमियत देंगे। सबके लिए घोषणा पत्र में स्थान रहेगा। समिति में कई अनुभवी और वरिष्ठ नेता सह संयोजक और सदस्य हैं, उनके अनुभव का पूरा लाभ मिलेगा। बैठक में पहले सबका परिचय होगा, इसके बाद सबकी राय से रणनीति बनेगी कि किस तरह से काम करके घोषणा पत्र तैयार करना है। प्रदेश प्रभारी ओम माथुर का भी मार्गदर्शन मिलेगा।
सरकार पर आराेप तय करने की बनेगी रणनीति
आराेप पत्र समिति की कमान वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर के पास है। इस समिति में प्रेम प्रकाश पांडेय और ओपी चाैधरी सदस्य है। इस बैठक में सरकार के खिलाफ आराेप तय करने की रणनीति बनेगी।



