रायपुर शहर जिला भाजपा की नई कार्यकारिणी बनाने में अब तक अध्यक्ष नाकाम

रायपुर. प्रदेश भाजपा संगठन ने जिन मोर्चा और जिला संगठनों में बदलाव किया है, उसमें से ज्यादातर ने अपनी कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया है, लेकिन रायपुर शहर जिला भाजपा के नए अध्यक्ष बनने के बाद अब तक जयंती पटेल अपनी कार्यकारिणी बनाने में नाकाम रहे हैं। कार्यकारिणी बनाने काे लेकर अब जाकर कवायद प्रारंभ की गई है। इसमें फेरबदल के बाद कार्यकारिणी का ऐलान इस माह करने की तैयारी है।
प्रदेश संगठन में बदलाव के बाद नए प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव ने दीपावली के पहले 8 पुराने जिलों के अध्यक्ष बदलने के साथ पांच नये जिलों के अध्यक्ष नियुक्ति किए थे। इसके पहले चार मोर्चा में भी अध्यक्ष बदले गए थे। सभी को जल्द से जल्द कार्यकारिणी बनाने कहा गया था। कई बार डेडलाइन तय करने के बाद राजनांदगांव में नए साल में हुई प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में तय किया गया था कि सरगुजा में होने वाली कार्यसमिति से पहले सारी नियुक्तियां कर देनी हैं। इसके बाद सभी मोर्चा की कार्यकारिणी का तो ऐलान हो गया है, लेकिन अब भी कुछ जिलों की कार्यकारिणी अटकी हुई है।
कार्यकारिणी नहीं होगा बड़ा फेरबदल
सबसे अहम रायपुर शहर जिला की कार्यकारिणी अब तक तय नहीं हो सकी है। इसको लेकर अब जाकर फैसला हो सका है कि पुरानी कार्यकारिणी में ज्यादा फेरबदल नहीं होगा और महज उन लोगों के स्थान पर दूसरे पदाधिकारी रखे जाएंगे जो किसी कारणवश काम नहीं कर पा रहे हैं। अध्यक्ष जयंती पटेल का कहना है, कार्यकारिणी में कोई बड़ा बदलाव या फिर पूरी कार्यकारिणी को बदलने का काम नहीं किया जा रहा था, आंशिक फेरबदल करके कार्यकारिणी इस माह घोषित कर देंगे। उनका कहना है, डेडलाइन उनके लिए तय थी जो पूरी कार्यकारिणी नई बना रहे हैं।



