रायपुर: अब तक 16 उम्मीदवारों ने दाखिल किए नामांकन

रायपुर: रायपुर नगर (दक्षिण) उप निर्वाचन-2024 के अंतर्गत अब तक 16 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। आज 23 अक्टूबर को प्रमुख राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों ने अपने नामांकन प्रस्तुत किए। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से सुनील कुमार सोनी, इंडियन नेशनल कांग्रेस (कांग्रेस) से आकाश शर्मा, शक्ति सेना (भारत देश) से सविता बंजारे, और निर्दलीय उम्मीदवारों में शेख जैनब बेगम, हैदर भाटी, तथा राधेश्वरी गायकवाड़ ने अपने नामांकन पत्र जमा किए।
गौरतलब है कि रायपुर नगर (दक्षिण) उप निर्वाचन-2024 के लिए उम्मीदवार 25 अक्टूबर 2024 तक अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। नामांकन प्रक्रिया शासकीय अवकाशों को छोड़कर प्रत्येक कार्य दिवस में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक की जा रही है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 28 अक्टूबर को की जाएगी, जबकि उम्मीदवार 30 अक्टूबर तक अपने नाम वापस ले सकेंगे।



