देश की प्रगति के लिए गांवों का विकास जरूरीः शिवराज सिंह

नई दिल्ली। केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को अफ्रीकी-एशियाई ग्रामीण विकास संगठन (एएआरडीओ) की कार्यकारी समिति के 77वें सत्र के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भारत विश्व बंधुत्व में विश्वास करने वाला देश है। हम सभी प्राणियों में सद्भाव एवं विश्व कल्याण की भावना रखते हैं।
भारत वसुधैव कुटुम्बकम में विश्वास करता है, यह हमें अपने घरों व अपने समुदाय, अपने देशों, अपने ब्रह्मांड से दूर जाने और पूरे ब्रह्मांड को एक परिवार के रूप में मानने के लिए कहता है। हमारे ऋषियों ने भी कहा है कि केवल हम ही नहीं बल्कि सब सुखी, निरोग व सबका मंगल हो और सबका कल्याण हो, इसी भाव को मोदी सरकार अपनी धरती पर उतारने की कोशिश कर रही है।
ललित होटल में आयोजित सत्र में चौहान ने कहा कि दुनिया का बहुत बड़ा हिस्सा अभी भी गांवों में बसता है। भारत में भी बहुत बड़ा हिस्सा गांवों में ही बसता है। जब तक गांवों की प्रगति नहीं होगी तब तक किसी भी देश की प्रगति नहीं हो सकती।
कार्यकारी समिति की बैठक का 77वां सत्र निश्चित रूप से आगामी मंत्रिस्तरीय सम्मेलन के लिए आधार बनेगा, जब एएआरडीओ अपने विविध कार्यक्रमों का विश्लेषण करेगा। एक और महत्वाकांक्षी त्रिवर्षीय अवधि 2025-2027 पर विचार करेगा जिसमें एएआरडीओ के कार्यनीतिक ढांचे का व्यापक मध्यावधि मूल्यांकन और समीक्षा शामिल होगी।



