रमन बाेले- तुष्टिकरण की राजनीति करना कांग्रेस का काम, हमारा नहीं

रायपुर(realtimes) प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का कहना है, तुष्टिकरण की राजनीति करने का काम कांग्रेस करती है, हम नहीं। भाजपा ताे हमेशा से इसके खिलाफ रही है। दरअसल में राजस्थान में उदयपुर में दर्जी की हत्या के बाद आरोपी की भाजपा नेता के साथ फोटो को लेकर कांग्रेस निशाना साध रही है, इस पर ही पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, आज कल राष्ट्रीय नेता चलते-फिरते फोटो खिंचवाते हैं। इसको लेकर कांग्रेस कुछ भी बोल रही है, इस मामले में स्थिति स्पष्ट करने जैसी कोई बात नहीं है।
हैदराबाद में भाजपा कार्यसमिति की बैठक में शामिल होकर सोमवार को लौटे डॉ. रमन सिंह ने विमानतल पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा, अलग-अलग मोर्चा प्रकोष्ठों के साथ बैठक ली गई। राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद कार्यसमिति की बैठक हुई। राजनाथ सिंह, अमित शाह, पीएम मोदी का मार्गदर्शन मिला। भाजपा के नेता जमीनी स्तर तक कैसे पहुंचे, इसके लिए कार्ययोजना बनाई गई। अब बूथों में समितियों के गठन के बाद क्रियान्वयन करने का समय आ गया है। डॉ. रमन ने कहा, 18 राज्यों में भाजपा की मिली-जुली सरकार है। कुछ राज्यों में जहां भाजपा की सरकार नहीं है, उन राज्यों में पर फाेकस किया जा रहा है। ऐसे राज्यों में केरल, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, राजस्थान के साथ छत्तीसगढ़ का भी नाम है। यहां पर भाजपा के कार्यों का विस्तार कैसे हो, इस पर मेहनत करने की जरूरत है।जीएसटी क्षतिपूर्ति पर मंत्री टीएस सिंहदेव के पत्र को लेकर पूर्व सीएम ने कहा, यहां से बैठे चिट्ठी लिख रहे हैं। बैठक में बुलाया जाता है तो शामिल नहीं होते। पत्र लिखने से ही कुछ नहीं होगा। प्रदेश में खाद की कमी को लेकर उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पर्याप्त मात्रा में खाद की आपूर्ति की जा रही। ये लोग व्यापारियों को 60 प्रतिशत खाद उपलब्ध करा रहे हैं। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार कालाबाजारी को बढ़ावा दे रही है। मैंने केंद्रीय मंत्री से बात की है। केंद्र ने जरूरत के हिसाब से ज्यादा कोटा दिया है। वहीं पेंशन स्कीम को लेकर डॉ. रमन ने कहा कि इसके लिए तो कोई प्रावधान ही नहीं तो उन्हें पीएम से एक बार बात करनी चाहिए।



