Online Game को लेकर केंद्र के नियम स्पष्ट, कुछ राज्य इनमें अंतर कर गलती कर रहे हैं: Venkataraman

नयी दिल्ली: अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एन वेंकटरमन का कहना है कि अनिश्चित घटनाक्रमों पर पैसा लगाना दांव है और सरकार के नए नियम पैसा लगाने वाले ऐसे ऑनलाइन गेम पर रोक लगाते हैं। सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम के तहत जारी नए नियमों के मद्देनजर कुछ कंपनियों द्वारा दांव लगाने को कौशल के खेल के रूप में पेश करने के प्रयासों के बीच सरकार के वरिष्ठ विधि अधिकारी ने कहा कि कुछ राज्य एक दांव के संदर्भ में कौशल के खेल और मौके के खेल के बीच अंतर करने की कोशिश में गलती कर रहे हैं।
उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि नियमों का परीक्षण देश के संविधान, वैधानिक प्रावधानों और सर्वोच्च न्यायालय के फैसलों के आधार पर किया जाना चाहिए। वेंकटरमन ने मंगलवार को पीटीआई-भाषा को बताया, केंद्र द्वारा अधिसूचित नए नियम बहुत स्पष्ट हैं। हमारी अदालतों ने माना है कि दांव लगाना अवैध है। इस तरह के व्यवसायों को भारत के अंदर अनुमति नहीं दी जा सकती। बातचीत के दौरान, उन्होंने बताया कि अनिश्चित और अज्ञात घटनाओं पर पैसा लगाना दांव लगाना है और नए ऑनलाइन नियम असली पैसे के खेल पर रोक लगाते हैं जो भविष्यवाणी या अज्ञात परिणाम की अटकलों के आधार पर विजेताओं की घोषणा करते हैं। नए नियमों में यह अनिवार्य है कि सभी ऑनलाइन गेम जिनमें पुरस्कार शामिल है, स्वयं नियामक संगठनों (एसआरओ) के साथ पंजीकृत होने चाहिए। इसमें विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ शामिल होंगे।


