मोदी तीन दिनों में दाे बार आएंगे छत्तीसगढ़, कांकेर और दुर्ग में होगी चुनावी सभाएं

रायपुर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिनों में ही दाे बार छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। विधानसभा चुनाव के पहले चरण से पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो नवंबर को कांकेर और दूसरी चार नवंबर को दुर्ग में आम सभा होगी। इसके बाद दूसरे चरण के मतदान से पहले भी प्रधानमंत्री की कम से कम से तीन से चार सभाएं होंगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शनिवार की रात को रायपुर पहुंच गए हैं। उनकी रविवार को दो सभाएं ठेलकाडीह और पंडरिया में होगी। इसी के साथ तीन रोड शो भी होंगे। राजधानी रायपुर में 30 अक्टूबर काे नामांकन रैली में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस शामिल होंगे। इसके पहले उनकी सभा भी होगी।
विधानसभा चुनाव को लेकर जहां पहले चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार हो रहा है, वहीं दूसरे चरण के लिए नामांकन का दौर चल रहा है। इसमें कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय नेता लगातार आ रहे हैं और सभा करने के साथ नामांकन रैली में शामिल हो रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो बड़ी सभाएं तय की गई हैं। पहली सभा कांकेर में होगी। इसमें बस्तर संभाग के ज्यादातर प्रत्याशी शामिल होंगे। इसकी तैयारी को लेकर शनिवार को कांकेर में बैठक भी हुई। दूसरी बड़ी सभा दुर्ग में होगी। इस सभा में दुर्ग संभाग के सभी भाजपा प्रत्याशी शामिल होंगे।
नड्डा के आज तीन रोड शो भी
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा कल रात यहां पहुंचे। यहां आने के बाद उन्होंने रायपुर ग्रामीण की बैठक ली। अब आज सबसे पहले सुबह ठाकरे परिसर में बैठक लेंगे। इसके बाद रायपुर के अमलीडीह में भाजपा के कार्यकर्ताओं और आम जनता के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम सुनेंगे। इस कार्यक्रम के बाद वे यहां से हेलीकॉप्टर द्वारा डोंगरगढ़ विधानसभा के ठेलकाडीह गांव जाएंगे और वहां पर आम सभा को संबोधित करेंगे। इस सभा के बाद उनका खैरागढ़ में 25 किलोमीटर का बड़ा रोड शाे होगा। इसके बाद छुईखदान में 12 किलोमीटर का रोड शो और फिर गंडई में 20 किलोमीटर का रोड शो होगा। अंत में शाम को चार बजे पंडरिया में उनकी आम सभा होगी। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर से रायपुर आकर विशेष विमान से केरल जाएंगे।
फडणवीस की कल रायपुर में सभाराजधानी रायपुर की चारों विधानसभाओं के प्रत्याशी 30 अक्टूबर को एक साथ नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन रैली से पहले होने वाली आम सभा के लिए पहले केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का नाम तय किया गया था, लेकिन अब उनके स्थान पर महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस आएंगे।



