मोदी की 30 को बिलासपुर और 3 को जगदलपुर में आम सभा - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

मोदी की 30 को बिलासपुर और 3 को जगदलपुर में आम सभा

रायपुर(realtimes) चुनावी साल में भाजपा का बड़ा शक्ति प्रदर्शन चल रहा है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार चार दिनों में ही दो बार छत्तीसगढ़ आएंगे। भाजपा की दो परिवर्तन यात्राओं का समापन पहले 28 सितंबर को बिलासपुर में होने वाला था, लेकिन इस दिन अनंत चर्तुदशी होने के कारण प्रधानमंत्री का आना संभव नहीं है, यही वजह है कि परिवर्तन यात्रा का समापन अब दो दिन बाद किया जा रहा है। परिवर्तन यात्रा के समापन के साथ प्रधानमंत्री की एक बड़ी सभा भी होगी। इस सभा के दो दिन बाद ही तीन अक्टूबर को जगदलपुर में प्रधानमंत्री की सभा होगी। यहां पर कुछ सरकारी कार्यक्रम भी हाेंगे। अभी ये कार्यक्रम तय नहीं हुए हैं।
प्रदेश में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा से दो परिवर्तन यात्राएं निकाली हैं। एक यात्रा दंतेवाड़ा से 12 सितंबर को निकली है जो बस्तर के साथ रायपुर और दुर्ग की विधानसभाओं का सफर कर रही है। एक यात्रा जशपुर नगर से 15 सितंबर को निकली है। यह यात्रा सरगुजा और बिलासपुर संभाग की विधानसभाओं का सफर कर रही है। यात्रा में लगातार केंद्रीय मंत्री भी आ रहे हैं। दंतेवाड़ा की यात्रा का अंतिम पड़ाव 26 सितंबर को रायपुर है। यहां पर रायपुर की सभी चारों विधानसभाओं में उस दिन रोड शो होगा। अगले दिन यात्रा बिलासपुर जाएगी। इसी तरह से जशपुर नगर की यात्रा का अंतिम पड़ाव बिलासपुर है। यह यात्रा भी 26 सितंबर को बिलासपुर पहुंचेगी और वहां की विधानसभाओं में कार्यक्रम होंगे। इसके बाद यात्रा का बिलासपुर में विश्राम होगा।
दो सभाओं के लिए मिला समय
परिवर्तन यात्रा के समापन में 28 सितंबर को प्रधानमंत्री श्री मोदी के न आ पाने के कारण प्रदेश भाजपा संगठन ने 29 या 30 सितंबर का समय मांगा था। इसी के साथ बस्तर में भी एक सभा के लिए समय मांगा था। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव के मुताबिक प्रधानमंत्री कार्यालय से बिलासपुर के लिए 30 सितंबर और जगदलपुर के लिए तीन अक्टूबर का समय मिला है। दोनों स्थानों पर भाजपा ने सभा की तैयारी प्रारंभ कर दी है।

Related Articles

Back to top button