कांग्रेस के महाधिवेशन में आएंगे 15 हजार मेहमान, रहने की व्यवस्था करने में नहीं निकलेगी जान - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

कांग्रेस के महाधिवेशन में आएंगे 15 हजार मेहमान, रहने की व्यवस्था करने में नहीं निकलेगी जान

रायपुर-दुर्ग, भिलाई मिलाकर होटलों में ही पांच हजार से ज्यादा कमरे

रायपुर(realtimes) राजधानी रायपुर में पहली बार कांग्रेस का राष्ट्रीय महाधिवेशन में 12 हजार से ज्यादा आमंत्रितों के अलावा उनके साथ आने वालों को मिलाकर 15 हजार के करीब मेहमान रहेंगे। ऐसे में लग रहा था कि इनकी रहने की व्यवस्था करने में जान निकल जाएगी। इसको लेकर जब शहर में स्थानों को खंगालने का काम किया गया तो यह बात सामने आई है कि रायपुर के होटलों में ही तीन हजार से ज्यादा कमरे हैं। इसी के साथ दुर्ग, भिलाई को मिलाने पर इनकी संख्या पांच हजार हो जाती है। इसके अलावा जो बड़े मैरिज हॉल हैं, उनमें दो हजार के आस-पास कमरे हैं। यानी ये सारे के सारे पैक हो जाएंगे। इसी के साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी नया रायपुर में टेंट हाउस भी बनाने पर विचार कर रही है। 
रायपुर में कई बड़े आयोजन होते रहते हैं, राष्ट्रीय युवा उत्सव से लेकर कई खेलों के राष्ट्रीय आयोजन भी होते हैं। इसमें शामिल होने हजारों की संख्या में कलाकार औ खिलाड़ी आते हैं। लेकिन इनमें उतने वीआईपी नहीं रहते हैं जिसके कारण इसको ठहराने में परेशानी नहीं होती है, लेकिन कांग्रेस के राष्ट्रीय महाधिवेशन में आने वाले ज्यादातर वीआईपी रहेंगे। ऐसे में इनको ठहराने को लेकर परेशानी हो सकती है, ऐसा माना जा रहा था। लेकिन समय के साथ राजधानी में रायपुर में जिस तरह से बड़े होटलों के साथ मैरिज हॉल बने हैं, उसको देखते हुए कांग्रेस के महाधिवेशन में आने वालों को ठहराने में कोई परेशानी नहीं होने वाली है।
होटलों में कमरे ही कमरे
राजधानी रायपुर में थोक में अब बड़े होटल हो गए हैं। इसमें कमरे ही कमरे हैं। मेफेयर में ही दो सौ कमरे हैं। यहां पर वीआईपी को एक साथ ठहराया जा सकता है। अक्सर यहां पर बड़ी शादियों के साथ कई राजनीतिक कार्यक्रम भी होते हैं। इसके अलावा रायपुर में बड़े होटलों की कमी नहीं है जहां पर सौ से ज्यादा कमरे हैं। छत्तीसगढ़ होटल एंड रेस्टोरेंट के अध्यक्ष तरनजीत सिंह होरा के मुताबिक रायपुर में ही तीन हजार से ज्यादा कमरे होटलों में हैं। इसके अलावा अगर भिलाई, दुर्ग के होटलों को शामिल कर लें तो कमरों की संख्या पांच हजार तक हो जाती है।
मैरिज हॉल में भी बहुत कमरे
राजधानी रायपुर में 50 से ज्यादा मैरिज हाल हैं। इसमें बहुत संख्या में कमरे हैं। जैनम भवन, अग्रसेन थाम, निरंजन धर्मशाला , सिब्बल पैलेस, शगुन पार्क सहित कई बड़े मैरिज हाॅल हैं जिनके कमरों को मिलाया जाए तो करीब दो हजार कमरे आसानी से हो जाएंगे। इसके अलावा शहर के छोटे होटलों और छोटे शादियों के भवन को भी मिला लें तो एक हजार कमरे और हो सकते हैं।
टेंट हाउस पर भी विचार
महाधिवेशन को नया रायपुर में ही कराने की तैयारी है। हालांकि अभी स्थान फाइनल नहीं किया गया है। ऐसे में नया रायपुर में कांग्रेस कमेटी टेंट हाउस भी बनाने पर विचार कर रही है। इसमें दो हजार लोगों को ठहराने की व्यवस्था हो सकती है। लेकिन यह उस स्थिति में होगा, जब लगेगा कि कमरों की कमी हो रही है। चूंकि दो से चार फरवरी को शादियों के मुहूर्त नहीं हैं, ऐसे में कमरे मिलने में कोई परेशाी नहीं होगी।

Related Articles

Back to top button