अब बिजली गुल हाेने पर माेबाइल पर आएगा खराबी ठीक हाेने के समय का मैसेज - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

अब बिजली गुल हाेने पर माेबाइल पर आएगा खराबी ठीक हाेने के समय का मैसेज

रायपुर(realtimes)अब अगर आपके इलाके की बिजली गुल हाे गई है ताे ज्यादा परेशान हाेने की जरूरत नहीं है, न ही बिजली दफ्तर में फोन लगाने की जरूरत है, क्याेंकि अब बिजली गुल हाेने पर सीधे आपके माेबाइल पर ही इसका जानकारी आ जाएगी कि बिजली ठीक हाेने में कितना समय लगेगा।

बारिश का मौसम हो या फिर आंधी, तूफान चले तो कभी भी कहीं की भी बिजली गुल हो जाती है। बिजली गई तो कब तक आएगी, इसका जवाब देने वाला कोई नहीं रहता है। ऐसे में हजारों उपभोक्ता परेशान होते रहते हैं। उपभोक्ताओं की इसी परेशानी का समाधान अब छत्तीसगढ़ राज्य पाॅवर कंपनी ने निकाला है। अब प्रदेश में कहीं भी अचानक आधे घंटे से ज्यादा समय के लिए किसी खराबी के कारण बिजली जाती है तो उस क्षेत्र के फीडर के उपभोक्ताओं को तत्काल इसकी सूचना एसएमएस से मिलेगी कि बिजली की खराबी ठीक होने में संभावित कितना समय लगेगा।

नई व्यवस्था आरंभ
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक मनोज खरे ने बताया कि बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में संबंधित उपभोक्ताओं को तुरंत सूचित करने की नई व्यवस्था छत्तीसगढ़ स्टेट पाॅवर कंपनी द्वारा प्रारंभ कर दी गई है। जब मौसम की गड़बड़ी या अन्य कारणों से ब्रेकडाउन होता है तो मैदानी अमला सुधार कार्य में व्यस्त हो जाता है और उसके पास उपभोक्ताओं के फोन उठाने का समय नहीं होता। बड़ी संख्या में उपभोक्ता के फोन आने लगते हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं को समय पर सूचना देने के साधन कम पड़ने लगते हैं। उपभोक्ता कॉल सेंटर में लगातार फोन करते हैं, जिससे उन्हें परेशानी होती है।
ऐप पर आधारित सूचना
श्री खरे ने बताया नई सूचना प्रणाली ऐप पर आधारित है। कंपनी के आंतरिक ऐप माध्यम से मैदानी अधिकारी घटनास्थल से ही ब्रेकडाउन की सूचना अपलोड करेंगे, जो कि तुरंत संबंधित लाइन से टैग उपभोक्ताों को एसएमएस के जरिये अपने आप चली जाएगी, जिसमें बिजली सुधार में लगने वाले संभावित समय की जानकारी भी होगी। आधे घंटे से अधिक समय लगने वाले ब्रेकडाउन की ही सूचना उपभोक्ताओं को भेजी जाएगी। इसके अलावा किसी समय चल रहे ब्रेकडाउन या शटडाउन की जानकारी मोर बिजली ऐप पर भी उपलब्ध रहेगी, जिसे उपभोक्ता देख सकेंगे। यह जानकारी सभी कॉल सेंटरों के कम्प्यूटर स्क्रीन पर भी डिस्प्ले होती रहेगी और कॉल सेंटर ऑपरेटर फोन करने वाले उपभोक्ताओं को जानकारी दे सकेंगे।
180 नगरीय क्षेत्रों में सुविधा प्रारंभ
प्रदेश के 39 लाख उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड है। इसके साथ ही दस लाख से अधिक उपभोक्ता मोर बिजली मोबाइल ऐप का इस्तेमाल करते हैंष इन उपभोक्ताओं को शटडाउन, ब्रेकडाउन की सूचना ऐप पर ही दिखने लगेगी। टोल फ्री नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज करवाते समय कॉल सेन्टर आपरेटर द्वारा भी उपभोक्ता को शटडाउन, ब्रेकडाउन बाबत सूचित कर दिया जाएगा। यह नई व्यवस्था छत्तीसगढ़ राज्य के 180 नगरीय क्षेत्रों में प्रारंभ कर दी गई है बाकी क्षेत्र के लिए यह सुविधा शीघ्र प्रारंभ कर दी जाएगी।

Related Articles

Back to top button