20 राज्यों में अगले सात दिन के लिए आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Top News

20 राज्यों में अगले सात दिन के लिए आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर से लेकर पूर्वी भारत के ओडिशा और पूर्वोत्तर के सभी राज्यों और केरल समेत 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अलग-अलग स्थानों पर अगले सात दिनों तक आंधी-तूफान और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। कुछ जगहों पर बिजली भी गिर सकती है। बीते 24 घंटे के दौरान भी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, ओडिशा, झारखंड, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत पूर्वोत्तर के सभी राज्यों में अलग-अलग स्थानों पर तेज हवाएं चलीं और हल्की से भारी वर्षा दर्ज की गई। ओडिशा के पुरी में बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे एक व्यक्ति की मौत हो गई।

आज के लिए भी तेज हवाओं के साथ वर्षा का अलर्ट

राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। शुक्रवार की शाम अचानक तेज हवाओं के बाद हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया। ठंडी हवाएं भी चलीं। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए भी दिल्ली-एनसीआर में आसमान में बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और बारिश का अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली के साथ नोएडा और गाजियाबाद में भी गरज के साथ बारिश 

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में शाम को आसमान में अचानक काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। बुराड़ी, रोहिणी, बादली, पंजाबी बाग, शाहदरा, विवेक विहार, पटेल नगर, आईटीओ और राजीव चौक समेत नोएडा और गाजियाबाद में भी गरज के साथ बारिश हुई। सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। हालांकि, छुट्टी की वजह से सड़कों पर ज्यादा भीड़ नहीं थी। हालांकि, मौसम में अचानक आए बदलाव ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई है।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को भी गरज के साथ बिजली चमकने और धूल भरी आंधी की चेतावनी दी है। दिल्ली-एनसीआर में दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, जो शाम होते-होते और गहरा हो जाएंगे। इस दौरान गरज के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी और धूल भरी आंधी चलने के आसार हैं। 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। शुक्रवार को बारिश के बाद देर रात अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

हवाईअड्डे ने एडवाइजरी जारी

खराब मौसम को देखते हुए दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे ने एजवाइजरी जारी कर यात्रियों को घर से निकलने से पहले उड़ान की स्थिति के बारे में पता लगाने की सलाह दी है। खराब मौसम के कारण उड़ानों में देरी की संभावना जताई गई है। देरी को रोकने के लिए हवाई यातायात प्रवाह प्रबंधन उपाय लागू किए गए हैं।

Related Articles

Back to top button