छात्रों के लाठीचार्ज से भड़की BJP का ‘बंद का ऐलान

रांची में JPSC-JSSC छात्रों का आंदोलन अब राजनीतिक रूप ले चुका है। विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस कार्रवाई के विरोध में बीजेपी ने मंगलवार को पूरे झारखंड में बंद बुलाया है। बंद को देखते हुए राजधानी रांची में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कई निजी स्कूलों ने भी एहतियातन छुट्टी घोषित कर दी है।
BJP का यह बंद छात्रों की मांगों के समर्थन में है। पार्टी का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की जांच और छात्रों की अन्य मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बनाया जाएगा। हालांकि, बीजेपी ने आवश्यक सेवाओं को बंद से बाहर रखा है।
रांची में ड्रोन और CCTV से निगरानी
बंद को देखते हुए रांची में पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है। संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए जगह-जगह CCTV कैमरे लगाए गए हैं। ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जाएगी।
राजधानी के अलावा राज्य के दूसरे हिस्सों में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। प्रशासन की कोशिश है कि बंद के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।
‘झारखंड बंद ऐतिहासिक होगा’: प्रतुल शाहदेव
झारखंड बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने बंद को लेकर कहा कि यह ऐतिहासिक बंद होगा। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई के विरोध में पार्टी ने बंद का फैसला लिया है।
शाहदेव ने छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि सरकार को उनकी मांगें माननी होंगी। उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की जांच के लिए CBI जांच की मांग भी दोहराई। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों और अन्य आवश्यक सेवाओं को बंद से बाहर रखा गया है।
सुबह 8 बजे से आधी रात तक रहेगा बंद
प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष आदित्य साहू ने सोमवार को रांची स्थित पार्टी मुख्यालय में बंद का ऐलान किया था। उन्होंने बताया था कि राज्यव्यापी बंद मंगलवार सुबह 8 बजे से शुरू होकर आधी रात तक प्रभावी रहेगा।
बीजेपी ने साफ किया है कि अस्पताल, एंबुलेंस और दूसरी जरूरी सेवाओं को बंद के दायरे से बाहर रखा गया है।
विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस और छात्रों में टकराव
इससे पहले सोमवार को JPSC-JSSC छात्रों ने विधानसभा घेराव का प्रयास किया था। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कई बार टकराव हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, झड़प में कई प्रदर्शनकारी और 4 पुलिसकर्मी घायल हुए।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पानी की बौछार, आंसू गैस और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया। पुलिस के मुताबिक, विधानसभा के पास लगाए गए बैरिकेड्स तोड़ने के बाद स्थिति बिगड़ी।
सोरेन बोले- राजनीतिक फायदे के लिए छात्रों को गुमराह कर रही BJP
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बीजेपी के बंद का विरोध किया है। उन्होंने बीजेपी पर राजनीतिक फायदे के लिए आंदोलन कर रहे छात्रों को गुमराह करने का आरोप लगाया।
सोरेन ने सोशल मीडिया के जरिए आंदोलनकारियों से बातचीत की अपील की। उन्होंने कहा कि बातचीत और आपसी विश्वास के जरिए छात्रों की समस्याओं का समाधान निकाला जाना चाहिए।



