छत्तीसगढ़ का खाना मेहमानों को भाया, 22 हजार के लिए दाे हजार कामगाराें काे काम पर लगाया - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
City

छत्तीसगढ़ का खाना मेहमानों को भाया, 22 हजार के लिए दाे हजार कामगाराें काे काम पर लगाया

रायपुर. कांग्रेस महाधिवेशन में देश बर से पहुंचे मेहमानाें का यहां का खाना बहुत भा रहा है। सभी एक स्वर में छत्तीसगढ़ की मेहमान नवाजी की तारीफ कर रहे हैं। लेकिन यह यूं ही नहीं हाे गया है, इसके लिए बड़ी व्यवस्था करनी पड़ी है। बाहर से आए हुए मेहमानों के साथ ही व्यवस्था में लगे कार्यकर्ताओं को मिलाकर रोज 22 हजार से ज्यादा लोगों का खाना बन रहा है। इसके लिए आधा दर्जन किचन बनाए गए हैं। इसमें रोज एक लाख से ज्यादा रोटियां बन रही हैं। इसी के साथ दस क्विंटल चावल और करीब इतने क्विंटल सब्जियां भी लग रही हैं। करीब पांच क्विंटल दाल भी बन रही है। करीब दो सौ किलो तेल, पांच क्विंटल आटा, इसके अलावा दूसरे सामान भी थोक में क्विंटल के हिसाब से ही लग रहे हैं। मेहमानों को अच्छा और स्वादिष्ट खाना मिल सके, इसके लिए दो हजार से ज्यादा कामगारों की व्यवस्था की गई है। अब तक दो दिनों में सभी मेहमानों ने खाने की सराहना ही की है।
कांग्रेस महाधिवेशन में 15 हजार से ज्यादा मेहमान आए हैं। इसी के साथ सुरक्षा में भी करीब तीन हजार जवान तैनात हैं। इसी के साथ अन्य व्यवस्थाओं में भी करीब चार हजार लोग लगे हैं। ऐसे में रोज 22 हजार लोगों का खाना बनाने का काम किया जा रहा है। इसके लिए कैटरिंग का काम करने वालों को जिम्मा दिया गया है। यूं तो पूरा काम एक इवेंट कंपनी कर रही है, लेकिन उसने काम बांट दिया है।

आधा दर्जन किचन में बन रहे हैं व्यंजन

आधा दर्जन किचन बनाए गए हैं। इसमें दो बड़े किचन हैं। किचन को ए 1 से ए 6 तक का नाम दिया गया है। ए 1 से लेकर ए 4 तक के किचन में कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के खाने का इंतजाम किया जा रहा है। यहां पर बड़े किचन की व्यवस्था है, क्योंकि यहां पर सबसे ज्यादा मेहमान खाना खाने आ रहे हैं। इसके अलावा मीडिया के लिए एक छोटा किचन है, क्योंकि यहां पर खाने वालों की संख्या हजार के अंदर हैं। ए 6 किचन में मेहमानों के वाहन चालक, गनमैन और सुरक्षाकर्मियों के खाने की व्यवस्था की गई है। वीवीआईपी के लिए अलग व्यवस्था है। इस किचन ए 5 में कार्यक्रम में शामिल करीब 500 वीवीआईपी मेहमानों के लिए खाना बन रहा है। खाने के लिए अलग-अलग चार वर्ग भी बनाए गए हैं, जिनके लिए जहां पर खाने की व्यवस्था है, वे वहीं जाकर खाना खा रहे हैं।

हर किचन में सामान का अंबार

हर किचन में भारी संख्या में रोज सामान को लाकर स्टोर किया जा रहा है। बड़े किचनों में सबसे ज्यादा सामान नजर आ रहा है। इन किचन में भारी संख्या में बोरियों में चावल, आटा, तेल, कई तरह की सब्जियां, मसाले, आलू, प्याज और पानी की बोतलें भी रखी हैं। किचन से लेकर खाना खाने वाले स्टाॅल को संभालने के लिए दो हजार से ज्यादा कामगारों की व्यवस्था की गई है। सबकाे अलग-अलग जिम्मा दिया गया है।

Related Articles

Back to top button