भाजपा विधायक दल की बैठक में आज बनेगी प्रदेश सरकार को घेरने की रणनीति

रायपुर। विधानसभा का शीतकालीन सत्र कल से प्रारंभ होगा। इसके पहले आज भाजपा विधायक दल की बैठक नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल के निवास पर शाम को सात बजे रखी गई है। इसमें में प्रदेश सरकार को घेरने के लिए रणनीति बनाई जाएगी। बैठक में तय किया जाएगा किस मुद्दे पर कौन से विधायक बोलेंगे। नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल का कहना है, हमारे पास मुद्दों की कमी नहीं है। एक-एक मुद्दे पर चर्चा करेंगे तो सत्र बहुत छोटा पड़ जाएगा। वैसे भी यह सरकार चर्चा से भागने का काम करती है।
विधानसभा के शीतकालीन सत्र के लिए भाजपा के सभी विधायक रविवार को राजधानी रायपुर में जुटेंगे। इस समय सभी विधायक प्रदेश संगठन के लोकसभा प्रवास वाले कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लगातार विधानसभाओं का दौरा कर रहे हैं। हर लोकसभा के लिए तीन से पांच विधायक, सांसद और प्रदेश के पदाधिकारियों की टीम बनाई गई है। अब शीतकालीन सत्र को देखते हुए यह दौरा सत्र तक स्थगित किया गया है। सत्र के एक दिन पहले विधायक दल की बैठक रखी गई है।
मुद्दाें की भरमार
नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल का कहना है हमारे पास मुद्दों की कमी नहीं है। सबसे बड़ा मुद्दा को आरक्षण का है। इसको लेकर प्रदेश सरकार भ्रम फैलाने और झूठ बोलने का काम कर रही है। राजभवन पर भी दबाव बनाने के साथ भाजपा को इस मामले में बदनाम किया जा रहा है। सच्चाई यह है कि कांग्रेस सरकार की खुद की मानसिकता आरक्षण लागू करने की नहीं है। जल्दबाजी में बिना तैयारी के विधानसभा में संशोधन विधेयक लाकर संख्या बल के दम पर इसकाे मंजूर करवा लिया गया। सदन के पटल पर कोई भी डाटा नहीं रखा गया। श्री चंदेल ने कहा, प्रदेश में कानून व्यवस्था, धान खरीदी, अंबिकापुर में हुई शिशुओं की मौत, पीएम आवास, कर्मचारियों के नियमितिकरण, पुरानी पेंशन, महंगी बिजली सहित कई मुद्दे हैं। उन्होंने कहा, हमारी रोज एक मामले पर स्थगन प्रस्ताव लाने की तैयारी है।



