मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

भाजपा के मीडिया सेल ने भी झोंकी ताकत, पहली बार हर विधानसभा में बनाए प्रभारी और सह प्रभारी

रायपुर. विधानसभा चुनाव में अभी छह माह का समय है, लेकिन अभी से भाजपा के मीडिया सेल ने भी पूरी ताकत झोंकने का काम किया है। जहां एक तरफ जिलों में प्रभारी और सह प्रभारी नियुक्ति किए हैं, वहीं हर विधानसभा के लिए भी प्रभारी और सह प्रभारी पहली बार बनाए गए हैं। इनको अब संभाग स्तर पर प्रशिक्षण देने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सेल के पदाधिकारियों को बुलाया जाएगा। इसी के साथ मीडिया के विशेषज्ञों को भी बुलाने की तैयारी है।
विधानसभा चुनाव के पहले प्रदेश भाजपा के मीडिया में बड़ा बदलाव किया गया। मीडिया विभाग का प्रमुख जहां अमित चिमनानी को बनाया गया है, वहीं सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल बनाए गए हैं। अब चुनाव करीब आते देखकर मीडिया सेल का बड़ा विस्तार किया गया है। यूं तो जिलों में पहले भी मीडिया प्रभारी रहते थे, लेकिन अब सह प्रभारी भी बनाए गए है। सभी जिलों के सह प्रभारियों का जिम्मा नए कार्यकर्ताओं को दिया गया है, वहीं कई जिलों में भी नए प्रभारी बनाए गए हैं। 35 जिलों में 70 की नियुक्ति की गई है। इसी तरह से 90 विधानसभाओं में 180 को नियुक्ति किया गया है। कुल मिलाकर 250 की बड़ी टीम बनाई गई है।
दिया जाएगा प्रशिक्षण
प्रदेश मीडिया विभाग के प्रमुख अमित चिमनानी का कहना है, अभी जिनकी नियुक्ति की गई है, उनको खबरों की बारीकियों से अवगत कराने के लिए हर संभाग में कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इसमें हमारे राष्ट्रीय स्तर के मीडिया विभाग के पदाधिकारी और प्रदेश के पदाधिकारी प्रशिक्षण देंगे। जरूरत पड़ने पर मीडिया से जुड़े वरिष्ठ पत्रकारों से कार्यशाला में मदद लेंगे, ताकि हमारे प्रभारी और सह प्रभारियों को खबरें बनाने में महारत हासिल हो सके।

Related Articles

Back to top button