भाजपा के नए प्रभारी माथुर पहली बार आएंगे 21 को, तीन दिनों तक करेंगे मैराथन बैठकें

रायपुर(realtimes) भाजपा के नए प्रदेश प्रभारी ओम माथुर का पहली बार 21 नवंबर को रायपुर आगमन हो रहा है। पहले प्रवास में तीन दिनों तक वे यहां रहेंगे और मैराथन बैठकें लेंगे। अभी पूरा कार्यक्रम तय नहीं हुआ है, लेकिन माना जा रहा है कि प्रदेश पदाधिकारियों, सांसद, विधायक, जिलाध्यक्षों, संभाग जिले के प्रभारी, विधानसभा प्रभारी, मोर्चा और प्रकोष्ठ सभी की बैठकें लेकर यहां के राजनीतिक हालात के साथ ही मिशन 2023 को लेकर क्या चल रहा है उसकी पूरी जानकारी लेंगे। इसी के साथ सभी से परिचय भी प्राप्त करेंगे। उनके जोरदार स्वागत की भी तैयारी है।
भाजपा ने मिशन 2023 को लेकर प्रदेश संगठन में पहले बदलाव करने के बाद प्रदेश प्रभारी को भी बदलने का काम किया है। जिस दिन 9 सितंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने साइंस कॉलेज के मैदान में शक्ति केंद्रों और बूथों के कार्यकर्ताओं की बड़ी सभा ली, उसके बाद ही उसी दिन शाम को प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी के स्थान पर राजस्थान के ओम माथुर को नया प्रभारी बनाए जाने का आदेश जारी हो गया था।
ढाई माह बाद अब दौरा
श्री माथुर के नए प्रदेश प्रभारी बनने के बाद उनका अब तक दौरा नहीं हो सका है। इसके पीछे का कारण उनका स्वास्थ्य बताया जा रहा है। अब वे जबकि पूरी तरह से स्वस्थ हो गए हैं तो उनके आने का कार्यक्रम तय हुआ है। वे यहां पर 21 से 23 नवंबर तक रहेंगे। इस बीच उनकी लगातार बैठकें होंगी। इसको लेकर प्रदेश भाजपा संगठन अब आज बिलासपुर में हुई महतारी हुंकार रैली के बाद शनिवार से तैयारी प्रारंभ करेगा।



