नंगे पैर मैदान में घुसा रिजवान का फैन, कॉलर पकड़कर निकाला गया बाहर - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Sports

नंगे पैर मैदान में घुसा रिजवान का फैन, कॉलर पकड़कर निकाला गया बाहर

 नई दिल्ली 
पाकिस्तान और न्यूजीलैंड की टीम तीन मैचों की वनडे सीरीज में आमने-सामने हैं। पाकिस्तान ने पहला जबकि न्यूजीलैंड ने दूसरा मैच अपने नाम किया। कराची में खेले गए दूसरे मैच के दौरान सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया है। दरअसल, विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान का एक फैन रक्षाकर्मियों को चकमा देकर  नंगे पैर मैदान के अंदर घुस आया। 

सुरक्षा को भेदकर में आए युवा फैन को रिजवान ने निराश नहीं किया और गले लगा लिया। हालांकि, रिजवान गले मिलने के बाद उसे कुछ समझाते हुए नजर आए। इसके बाद, कुछ ही देर में रक्षाकर्मी आ गए और फैन को पकड़ लिया। रक्षाकर्मियों ने फैन को कॉलर से पकड़कर मैदान से बाहर निकाला। रिजवान के प्रशंसक की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।

बता दें कि रिजवान ने मौजूदा सीरीज में मिलाजुला प्रदर्शन किया है। उन्होंने पहले वनडे में चौथे नंबर पर उतरने के बाद 86 गेंदों में नाबाद 77 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 1 छक्का मारा। वहीं, रिजवान दूसरे वनडे में असरदार नहीं रहे और काफी धीमी गति से बल्लेबाजी की। उन्होंने 50 गेंदों में 2 चौकों की मदद से 28 रन की पारी खेली।

पाकिस्तान और न्यूजीलैंड की टीम वनडे सीरीज में फिलहाल बराबरी पर हैं। सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला शुक्रवार को कराची में खेला जाएगा। दोनों टीमों की इससे पहले दो मैचों की टेस्ट सीरीज में टक्कर हुई थी, जो ड्रॉ पर छूटी।
 

Related Articles

Back to top button