बलौदाबाजार हिंसा: कोर्ट में पेश हुआ 1325 और 1200 पन्नों का चालान, अब तक 183 आरोपी गिरफ्तार - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

बलौदाबाजार हिंसा: कोर्ट में पेश हुआ 1325 और 1200 पन्नों का चालान, अब तक 183 आरोपी गिरफ्तार

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में 10 जून को सतनामी समाज के प्रदर्शन के दौरान भड़की हिंसा के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को कोर्ट में दो अहम चालान पेश किए। इस हिंसा में जिले के जिला संयुक्त कार्यालय और पुलिस अधीक्षक कार्यालय को जलाए जाने की घटना शामिल थी। पुलिस ने अब तक इस मामले में 1325 और 1200 पन्नों का विस्तृत चालान कोर्ट में पेश किया है।

13 करोड़ की क्षति, 13 FIR दर्ज

हिंसा के बाद सिटी कोतवाली थाने में कुल 13 एफआईआर दर्ज की गई थीं, जिनमें से 10 मामलों में पहले ही चालान पेश किए जा चुके हैं। इस मामले में अब तक पुलिस 183 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और पूरे घटना में कुल 356 आरोपी शामिल पाए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार ने बताया कि इस हिंसा में शासन को लगभग 13 करोड़ रुपये की क्षति हुई है।

जांच जारी, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

एसपी विजय अग्रवाल ने जानकारी दी कि इस मामले की जांच में पुलिस की तकनीकी टीम का सहारा लिया जा रहा है, और आरोपी अभी भी फरार हैं। विवेचना में लगी पुलिस टीम ने दिन-रात मेहनत करके दस्तावेज और साक्ष्य संकलित किए, जिसके परिणामस्वरूप चालान को समय पर कोर्ट में प्रस्तुत किया जा रहा है।

न्यायालय में जल्द सुनवाई की उम्मीद

अब कोर्ट में पेश हुए इन चालानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू होने की संभावना है। पुलिस ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए चालान प्रस्तुत कर दिया है, जिससे उम्मीद है कि न्याय प्रक्रिया भी जल्द पूरी होगी।

Related Articles

Back to top button