बलरामपुर: निर्माण कार्य के दौरान दर्दनाक हादसा, मशीन पलटने से ऑपरेटर की मौत - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

बलरामपुर: निर्माण कार्य के दौरान दर्दनाक हादसा, मशीन पलटने से ऑपरेटर की मौत

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में निर्माणाधीन सिंचाई परियोजना के कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। करोड़ों रुपये की लागत से बन रही नहर में कार्यरत एक अजाक्स मशीन पलट जाने से उसके ऑपरेटर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। देर रात तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने शव को मशीन के नीचे से बाहर निकाला। बलरामपुर जिले में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए सेंदुर नदी पर नहर निर्माण का कार्य कराया जा रहा है।

यह परियोजना हाल ही में शुरू हुई सिंचाई योजनाओं का हिस्सा है। बुधवार शाम ग्राम कोटराहीटांड में निर्माण कार्य के दौरान अचानक अजाक्स मशीन अनियंत्रित होकर पलट गई। मशीन के नीचे दबने से उसके ऑपरेटर रामदयाल पंडो (निवासी ग्राम पचावल) की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी सक्रिय हो गए। जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंहदेव भी घटनास्थल पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने तत्काल मामले की सूचना पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर को दी, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य तेज किया गया।

तातापानी चौकी प्रभारी एसआई उमेश सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद मशीन के नीचे फंसे ऑपरेटर को निकालने के लिए पहले हाइड्रा मशीन मंगाई गई थी, लेकिन भारी मशीन होने के कारण उससे सफलता नहीं मिली।

इसके बाद पुलिस द्वारा क्रेन की व्यवस्था कराई गई। देर रात करीब 2.30 से 3 बजे के बीच क्रेन की मदद से मशीन को हटाकर शव बाहर निकाला जा सका।

पुलिस ने गुरुवार को मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।

इस हादसे के बाद निर्माणाधीन परियोजनाओं में सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी मशीनों से कार्य कराए जाने के दौरान सुरक्षा उपायों का कड़ाई से पालन किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

 

Related Articles

Back to top button