प्रियंका का वादा, 10 लाख गरीब परिवारों को पक्का मकान और छत्तीसगढ़ में जातिगत जनगणना भी

रायपुर(realtimes) कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी शुक्रवार को अपने एक दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ के कांकेर जिला पहुंची, यहां उन्होंने पंचायती राज महासम्मेलन को संबोधित करते हुए दो बड़ी घोषणाएं की है. प्रियंका गांधी ने कहा कि अगर छत्तीसगढ़ में दोबारा कांग्रेस की सरकार बनती है तो यहां के 10 लाख गरीब परिवारों को पक्का मकान दिए जाएंगे, साथ ही बिहार राज्य की तरह ही छत्तीसगढ़ में भी जातिगत जनगणना होगी, जिससे कि एसटी, एसटी ओबीसी वर्ग के लोगो को जनगणना के आधार पर लाभ मिल सकेगा.
प्रियंका गांधी ने कहा कि वर्तमान में कांग्रेस सरकार बहुत अच्छा काम कर रही है और अपने विभिन्न योजनाओं से लाखों लोगों को रोजगार उपलब्ध करा रही है. खासकर ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं आत्मनिर्भर हुई है. यही नहीं किसान और गरीब वर्ग के लोगों का आर्थिक विकास कांग्रेस सरकार ने किया है. प्रियंका गांधी ने कहा कि आने वाले चुनाव में भी दोबारा छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है और सरकार बनते ही दोनों घोषणाओं को पूरा किया जाएगा. इसके अलावा प्रियंका गांधी ने हाल ही में जगदलपुर प्रवास पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा लालबाग से दिए गए भाषण को लेकर भी तंज कसते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी बस्तर वासियों से लोक लुभावने वादे करके और खोखले गारंटी देकर चले गए.
866 करोड़ के 518 विकास कार्यों का किया भूमिपूजन
कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी कांकेर जिला पहुंच शहर के गोविंदपुर मैदान में सरकार के विभिन्न योजनाओं के तहत लगाए गए अलग अलग स्टालों का अवलोकन किया और यहां की ग्रामीण महिलाओं से भी मुलाकात की. साथ ही ग्रामीण महिलाओं के द्वारा वनोंपज से बनाए जा रहे प्रोडक्ट की भी जमकर तारीफ की. उसके बाद पंचायती राज महासम्मेलन मंच से 866 करोड़ रुपए की लागत से 518 विकास कार्यों का भूमि पूजन और शिलान्यास किया. इसके बाद विशाल आम सभा को संबोधित किया. प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में बस्तर में हिंसा का राज था. निर्दोष आदिवासियों को नक्सली बताकर जेल में ठूंसा जाता था.
भाजपा पर हमला
प्रियंका गांधी ने कहा- हमारे प्रधानमंत्री ने देश के सारे संपत्ति अपने अरब पति मित्रों को दे दिये। लाखों करोड़ के इनके कर्ज माफ कर दिये जबकि किसानों के कर्ज की माफ करने की बात उठती है तो कहते है पैसा नहीं है। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने किसानों का कर्ज माफ करने का काम 24 घंटे के अंदर-अंदर किया। प्रधानमंत्री जी अपने लिये दो हवाई जहाज खरीदते है 8 हजार करोड़ का एक हवाई जहाज। 20 हजार करोड़ का नये संसद बनाते है जबकि अच्छा खासा संसद हमारे देश में है। 27 हजार करोड़ का एक यशोभूमि नया बड़ा हाल बनता है। जब ओपीएस की बात होती है पेंशन की बात होती है तो कहते है पैसा नहीं है। अपनी शान बढ़ाने के लिये, अपनी आन-बान शान बढ़ाने के लिये बड़ी इमारतों को बनाने के लिये पैसा है। अपने उद्योगपति दोस्तों के कर्ज माफ करने के लिये पैसा है। अपनी देश की संपत्ति को अपने उद्योगपति दोस्तों सौंप सकते है लेकिन आपका पेंशन नहीं दे सकते। आज छत्तीसगढ़ की सरकार आपको पुरानी पेंशन दे रही है।
आज देश का किसान एक दिन में मात्र 27 रुपए कमाता है। देशभर में किसानों को मजबूत करने के बजाय कमरतोड़ रही है। वहीं अडानी और उनके दूसरे उद्योगपति दोस्त एक दिन में 16 सौ करोड़ रुपए कमा रहे हैं। भाजपा की जो सरकारें है वो अमीरों के लिये चलती है। मीडिल क्लास, गरीब के लिये इनके पास कुछ नहीं है। जाति जनगणना की बात करने पर मौन हो जाते हैं। आपकी ध्यान भटकाने लगती है। कभी धर्म की बात करने लग जाते है तो कभी इधर-उधर की बात करने लग जाते है। हमारी सरकार छत्तीसगढ़ में फिर से आएगी तो बिहार की तरह यहां भी जातीय जनगणना कराएंगे।



