पैनल लेकर माथुर दिल्ली गए, इधर अचानक अमित शाह का रायपुर आना तय - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

पैनल लेकर माथुर दिल्ली गए, इधर अचानक अमित शाह का रायपुर आना तय

रायपुर(realtimes) परिवर्तन यात्रा का अंतिम पड़ाव आते ही भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर छत्तीसगढ़ की बची 69 सीटों के लिए तय किया गया पैनल लेकर दिल्ली उड़ गए। इधर अचानक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का 28 सितंबर काे रायपुर आने का कार्यक्रम बन गया। हालांकि दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुए बिना प्रत्याशियों के नामों का ऐलान नहीं हाेगा। अमित शाह की बैठक के लिए माथुर काे वापस लौटना हाेगा। 

 श्री शाह कल रायपुर आकर बैठक करेंगे। इसमें भी प्रत्याशियों काे लेकर चर्चा हाे सकती है। हालांकि भाजपा के पदाधिकारी काेई भी जानकारी नहीं दे रहे हैं। उनका कहना है, श्री शाह क्या करेंगे यह कोई नहीं जानता है। लेकिन यह बात जरूर तय है कि  अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का समय मिलते ही कभी भी दिल्ली में प्रदेश के पदाधिकारियों को तलब करके बैठक में प्रत्याशी तय करके दूसरी सूची का ऐलान किया जाएगा।
देश में इस साल पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसा पहली बार हुआ है कि भाजपा ने आचार संहिता लगने से पहले ही अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान करना प्रारंभ कर दिया है। पड़ोसी राज्य मप्र में एक दिन पहले दूसरी सूची में 39 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया गया है। इसके बाद से ही छत्तीसगढ़ की दूसरी सूची को लेकर चर्चा हो रही है, क्योंकि मप्र और छत्तीसगढ़ के प्रत्याशियों की पहली सूची एक साथ 17 अगस्त को जारी की गई थी। लेकिन छत्तीसगढ़ की दूसरी सूची का अभी जारी होना इसलिए संभव नहीं है, क्योंकि प्रदेश के पदाधिकारियों की केंद्रीय चुनाव समिति के साथ बैठक नहीं हो सकी है।
माथुर कर चुके हैं मंथन
भाजपा की परिवर्तन यात्रा का जिस दिन 12 सितंबर को आगाज हुआ, उसी दिन अचानक प्रदेश के पदाधिकारियों को दिल्ली बुलाया गया था। इस दिन रात को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निवास में बैठक हुई, लेकिन केंद्रीय चुनाव समिति के साथ प्रदेश के पदाधिकारियों की बैठक नहीं हो सकी। इनको वापस भेज दिया गया, क्योंकि 14 सितंबर को रायगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा थी। इसके बाद अमित शाह 22 सितंबर को रायपुर आकर प्रदेश के पदाधिकारियों के साथ बची 69 सीटों के नामों के पैनल पर मंथन करने वाले थे, लेकिन उनका आना टल गया। ऐसा होने पर 22 सितंबर को ही प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने प्रदेश के पदाधिकारियों राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन और अन्य महामंत्रियों के साथ बैठक करके सभी बची सीटों के लिए पैनल के नाम तय किए हैं।
केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक का इंतजार
अब केंद्रीय चुनाव समिति के साथ प्रदेश के पदाधिकारियों की बैठक का इंतजार है। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का समय मिलना अहम है। भाजपा के जानकारों का साफ कहना है, हर राज्य की एक-एक सीट पर प्रत्याशियों के नामों की पूरी जानकारी प्रधानमंत्री ले रहे हैं। उनकी सहमति के बाद ही नाम फाइनल हो रहे हैं। ऐसे में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद ही छत्तीसगढ़ के प्रत्याशियों के नाम फाइनल होंगे और दूसरी सूची जारी होगी। भाजपा की परिवर्तन यात्रा का आज एक तरह से समापन हो जाएगा। ऐसे में संभावना है कि कभी भी दिल्ली से केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के लिए प्रदेश के पदाधिकारियों को बुलावा आ सकता है।

Related Articles

Back to top button