निकाय चुनाव में हार की जिम्मेदारी अकेले बैज की नहीं

रायपुर। कांग्रेस विधायक दल की सोमवार को हुई बैठक में नगरीय निकायों में पार्टी को मिली हार पर भी बात हुई है। इस चर्चा में कहा गया कि निकाय चुनाव में हार जिम्मेदारी अकेले प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज की नहीं है। जिम्मेदारी उन नेताओं की भी है जिन्होंने अपने क्षेत्रों में प्रत्याशी लड़वाए थे।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार बैठक में हार पर ये बात सामने आई कि भाजपा ने प्रचार के दाैरान कहा कि महतारी वंदन के जो 1 हजार रुपए मिल रहे हैं उसे बढ़ाकर 2500 रुपए कर दिया जाएगा। यह भी कहा गया कि अगर भाजपा को वोट नहीं दोगे तो जो एक हजार रुपए मिल रहे हैं वह भी बंद हो जाएंगे। इसकी वजह से चुनाव प्रभावित हुआ।
बैठक में शामिल पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि निकाय चुनाव में नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में अपनी पसंद के प्रत्याशी लड़ाए थे। अगर पार्टी की हार हुई है तो अकेले प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज की जिम्मेदारी नहीं है। पार्टी के नेताओं को भी हार भी की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। इसी बैठक में वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव और सत्यनारायण शर्मा ने भी कहा कि हार की जिम्मेदारी सामूहिक है।
विधायक दल की बैठक में पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी. एस. सिंहदेव, पूर्वमंत्री रविंद्र चौबे, पूर्वमंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्वमंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया, पूर्वमंत्री जयसिंह अग्रवाल, पूर्वमंत्री सत्यनारायण शर्मा, पूर्वमंत्री मोहम्मद अकबर, पूर्वमंत्री अमितेश शुक्ल, पूर्वमंत्री उमेश पटेल, पूर्वमंत्री अनिला भेड़िया, पूर्व विधायक गुरूमुख सिंह होरा, लोकसभा सांसद ज्योत्सना महंत, राज्यसभा सांसद फुलोदेवी नेताम, विधायक दल सचिव अमित पाण्डेय, पीसीसी प्रभारी महामंत्री मालकित गैदू, पीसीसी संचार अध्यक्ष सुशील आंनद शुक्ला, प्रदेश कांग्रेस वरिष्ठ प्रवक्ता घनश्याम राजू तिवारी, विधायकगण भोलराम साहू. लालजीत सिंह राठिया. लखेश्वर बघेल, इंद्रशाह मंडावी. सावित्री मंडावी, विक्रम मंडावी, यशोदा निलाम्बर वर्मा, देवेन्द्र यादव, कुंवर सिंह निषाद, संगीता सिन्हा, द्वारिकाधीश यादव, रामकुमार यादव, दिलीप लहरिया, शेषराज हरबंश, बालेश्वर साहू, ब्यास कश्यप, राघवेन्द्र सिंह, चतुरी नंद, फूलसिंह राठिया, कविता प्राणलहरे, संदीप साहू, जनक ध्रुव, ओंकार साहू, हर्षिता स्वामी बघेल उपस्थित रहे।



