नायडू ने बीजेपी के सामने रखी ये शर्त…

नई दिल्ली. एनडीए के सहयोगियों के साथ बीजेपी की लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। इस बीच, सूत्रों के अनुसार, टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ने बीजेपी के सामने अपनी शर्तें रख दी हैं।
सूत्रों के मुताबिक, चंद्रबाबू नायडू ने 5 मंत्री पद और लोकसभा स्पीकर की पोस्ट की मांग की है। इसका मतलब है कि टीडीपी के 16 सांसदों में से हर 3 सांसदों पर एक मंत्री पद की डिमांड रखी गई है।
मंगलवार को घोषित हुए नतीजों में बीजेपी को 240 सीटें मिली हैं, जो बहुमत से 32 कम हैं। इसलिए बीजेपी को सरकार बनाने के लिए एनडीए के अन्य सहयोगियों, टीडीपी (16 सांसद) और जेडीयू (12 सांसद) की सख्त जरूरत है।
अब तक एनडीए या टीडीपी की तरफ से चंद्रबाबू नायडू की इन मांगों पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
सरकार बनाने के लिए विभिन्न मांगों और समीकरणों पर विचार करने के लिए एनडीए ने नई दिल्ली में बैठक बुलाई है। इसमें हिस्सा लेने के लिए नीतीश कुमार भी दिल्ली पहुंच चुके हैं।
मंगलवार को घोषित हुए नतीजों में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी और 240 सीटें जीतने में कामयाब रही। एनडीए को कुल 293 सीटें मिली हैं।
दूसरी ओर, इंडिया गठबंधन में शामिल पार्टियों ने भी अपने प्रदर्शन में सुधार किया है। पूरा गठबंधन लगभग 234 सीटें जीतने में सफल रहा है। कांग्रेस को 99 सीटें, समाजवादी पार्टी को 37 सीटें, टीएमसी को 29 सीटें और डीएमके को 22 सीटें मिली हैं।
इस प्रकार, एनडीए के सहयोगी दलों की मांगों और सरकार गठन की प्रक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

