छह महीने पहले सचिवालय और अब कोर्ट, क्या है पूरा मामला?

फतेहाबाद। हरियाणा के फतेहाबाद में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद पूरे कोर्ट परिसर को तत्काल खाली करा लिया गया। एहतियात के तौर पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी और जांच शुरू कर दी।
ईमेल मिलते ही खाली कराया गया परिसर
जानकारी के अनुसार, सेशन कोर्ट की आधिकारिक ईमेल पर धमकी भरा संदेश भेजा गया था। इसमें कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया। कोर्ट में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और सभी प्रवेश द्वारों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई।
डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही हिसार से डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते की टीम को बुलाया गया। टीम ने कोर्ट परिसर के हर हिस्से की गहन जांच शुरू की। पुलिस किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरत रही है और पूरे परिसर की सघन तलाशी ली जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने लिया मौके का जायजा
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर भी मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया। सिटी थाना प्रभारी सुरेंद्रा अपनी टीम के साथ जांच में जुटे हैं। पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान करने का भी प्रयास कर रही है।
पहले भी मिल चुकी है ऐसी धमकी
करीब 6 महीने पहले भी फतेहाबाद के लघु सचिवालय को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस समय भी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक जांच की थी। बाद में वह धमकी फर्जी साबित हुई थी। इस बार भी पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरती जा रही है।



