जशपुर में एक दिन पहले ही नड्डा की आम सभा, शाह कल दंतेवाड़ा से करेंगे परिवर्तन यात्रा का आगाज - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

जशपुर में एक दिन पहले ही नड्डा की आम सभा, शाह कल दंतेवाड़ा से करेंगे परिवर्तन यात्रा का आगाज

रायपुर(realtimes) भाजपा की परिवर्तन यात्रा का आगाज केंद्रीय मंत्री अमित शाह दंतेवाड़ा से कल करेंगे। इसी के साथ उनकी एक बड़ी आम सभा भी होगी। दूसरी परिवर्तन यात्रा का प्रारंभ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एक दिन पहले अब 15 सितंबर को करेंगे। आम सभा के साथ यात्रा का औपचारिक उद्घाटन होगा, लेकिन यात्रा 16 सितंबर से ही तय कार्यक्रम के मुताबिक होगी। दोनों यात्राओं में हर जिले में एक केंद्रीय मंत्री की सभा होगी। करीब एक दर्जन केंद्रीय मंत्रियों के नाम तय किए गए हैं। इनका कार्यक्रम फाइनल किया जा रहा है। एक-एक स्थान के लिए तीन-तीन चार-चार केंद्रीय मंत्रियों के नाम है, इनमें से जिनका समय मिलेगा, वे आएंगे।
भाजपा प्रदेश में एक बार फिर से 2003 की तरह ही परिवर्तन यात्रा निकाल रही है। इस बार की यात्रा का स्वरूप काफी बड़ा है। इस यात्रा में भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व पूरी ताकत झोंक रहा है। इसके पीछे का कारण यह है कि इस बार के विधानसभा चुनाव में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ही यहां पर चुनाव की कमान संभाल ली है।
नड्डा अब 15 को आएंगे
परिवर्तन यात्रा की दूसरा चरण जशपुर नगर से पहले 16 सितंबर को प्रारंभ होना था, लेकिन अब इसको एक दिन पहले किया जा रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एक दिन पहले का समय दिया है। ऐसे में अब जशपुर में तैयारियों को तेज कर दिया गया है। केंद्रीय मंत्री और प्रदेश के चुनाव सह प्रभारी मनसुख मांडविया रविवार को जशपुर पहुंचे हैं। उन्होंने सभा के एक दिन पहले होने को लेकर बैठक ली है। श्री नड्डा 15 सितंबर को आम सभा में शामिल होने के साथ ही परिवर्तन यात्रा का प्रारंभ करेंगे। यात्रा को प्रारंभ करके कुनकुरी में रोका जाएगा। इसके बाद यात्रा पहले के तय कार्यक्रम के मुताबिक चलेगी।
आएंगे एक दर्जन केंद्रीय मंत्री
दंतेवाड़ा की यात्रा बिलासपुर तक के 16 दिनों के सफर में 1,728 किमी का सफर तय करेगी और तीन संभागों के 21 जिलों तक पहुंचेगी। यात्रा के दौरान 45 आम सभाएं, 32 स्वागत सभाएं और 5 रोड शो होंगे। दूसरी यात्रा 12 दिन में 2 संभागों के 14 जिलों के 39 विधानसभाओं तक पहुंचकर 1,261 किमी का सफर तय करेगी। इस दौरान 39 आम सभाएं, 53 स्वागत सभाएं और 2 रोड शो होंगे। यात्रा प्रतिदिन औसत 3 विधानसभा के दौरे पर रहेगी। इसमें हर दिन एक बड़ी सभा का आयोजन भी किया जाएगा। बड़ी सभाओं में केंद्रीय मंत्री रहेंगे। 35 जिलों की सभाओं के लिए जो केंद्रीय मंत्री आएंगे, उनमें प्रमुख नितिन गडकरी, स्मृति ईरानी, राजनाथ सिंह, रघुवर दास, बाबूलाल मंडावी, केशव प्रसाद मौर्य, अनुराग ठाकुर, अर्जुन मुंडा, उमा भारती, रवि किशन, हेमंत विश्वा शर्मा, प्रहलाद पटेल के नाम शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button