छत्तीसगढ़ से रहा है अटलजी का अटल जुड़ाव, भाजपा के छोटे-छोटे कार्यकर्ताओं से था आत्मीय लगाव - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

छत्तीसगढ़ से रहा है अटलजी का अटल जुड़ाव, भाजपा के छोटे-छोटे कार्यकर्ताओं से था आत्मीय लगाव

रायपुर(realtimes) छत्तीसगढ़ काे अलग राज्य बनाने वाले भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का आज  जन्म दिन है। उनका छत्तीसगढ़ से अलग तरह का लगाव और जुड़ाव था। जहां उनका यहां के भाजपा के छोटे से छोटे कार्यकर्ताओं से लगाव था, वहीं उनको यहां आना भी पसंद था। राज्य अलग बनने के पहले भी वे यहां आते रहे हैं। उनकी यादों को भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे की लाइब्रेरी में दर्जनों किताबों के साथ ही सैकड़ों फोटो के रूप में संजोकर रखा गया है।अटल बिहारी वाजपेयी के शासन में ही 1 नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण हुआ और छत्तीसगढ़ देश का 26वां राज्य बना था। यही वजह है कि आज भी देश के सारे प्रधानमंत्रियों में श्री वाजपेयी को छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा याद किया जाता है। श्री वाजपेयी का छत्तीसगढ़ से काफी गहरा लगाव था। राज्य गठन के बाद वे हमेशा छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री अजीत जोगी से बराबर राज्य का हाल-चाल लेते रहे। श्री जोगी के कार्यकाल में उनका रायपुर आगमन भी हुआ। वे श्री जोगी से छत्तीसगढ़ की राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों की जानकारी लेते रहे। 2003 में छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनने पर मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से भी राज्य के विकास पर चर्चा करते रहे। डा. रमन उन्हें अपना गुरु मानते हैं।
हर कार्यकर्ता से लगाव


भाजपा के पुराने नेता बताते हैं, अटल जी का जब भी छत्तीसगढ़ आना होता था, वे हर छोटे से छोटे कार्यकर्ता के साथ आत्मीयता से मिलते थे। उनका तो भाजपा के सबसे पुराने कार्यालय गद्रे स्मृति भवन जवाहर नगर में भी आना होता था। 1980 में रायपुर में हुई भाजपा की बैठक में भी वे शामिल हुए थे। रायपुर तो उनका कई बार आना हुआ। अलग राज्य बनने के बाद भी वे यहां आए। इसी के साथ जब भी छत्तीसगढ़ का कोई नेता दिल्ली जाता था तो उनसे जरूरत मिलता था। तब अटल जी यहां के बारे में उनसे जानकारी लेते थे।
लाइब्रेरी में यादों का खजाना


भाजपा के कुशाभाऊ ठाकरे प्रदेश कार्यालय में एक बड़ी लाइब्रेरी बनाई गई है। यहां पर किताबों का खजाना है। लाइब्रेरी के प्रभारी पंकज झा बताते हैं, लाइब्रेरी में अटलजी की लिखी किताबों के साथ ही उन पर लिखी गई हर लेखक की किताब है। इन किताबों को समय-समय पर भाजपा नेता आकर पढ़ते हैं। इसी के साथ लाइब्रेरी में अटलजी के छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान की तस्वीरों के साथ ही कई दुर्लभ तस्वीरों का भी संकलन में है।
तीन यूनिवर्सिटी की दी सौगात
भाजपा नेता बताते हैं, अटल बिहारी वाजपेयी ने न सिर्फ छत्तीसगढ़ राज्य का तोहफा दिया, बल्कि भाजपा के शासनकाल में 2004 में छत्तीसगढ़ में तीन विश्वविद्यालयों की नींव रखी गई। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय रायपुर, तकनीकी विवि दुर्ग और पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विवि बिलासपुर की स्थापना अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा की गई है।

Related Articles

Back to top button