चंदेल बोले- राहुल का अहंकार बड़ा और समझ बहुत छोटी

रायपुर. विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देश के संपूर्ण ओबीसी समाज का अपमान किया है। पूरा ओबीसी समाज आने वाले समय में इस अपमान का बदला लेगा। कांग्रेस पार्टी व उनके नेता राहुल गांधी को देश के संविधान का सम्मान करना चाहिए। राहुल गांधी का अहंकार बहुत बड़ा और समझ बहुत छोटी है।
श्री चंदेल ने कहा, राजनीति में अहंकार का कोई स्थान नहीं है। कांग्रेस नेताओं की ये कोई पहली घटना नहीं है। संपूर्ण समाज व देश के कानून से कोई ऊपर नहीं है। उन्होंने कहा, कांग्रेस के नेता राहुल गांधी को तथ्यों से परे और मनगढ़ंत आरोप लगाने की आदत है। 2019 लोकसभा चुनाव के पहले राहुल ने राफेल के नाम पर देश को भ्रमित करने की कोशिश की जिसको लेकर सुप्रीम कोर्ट ने फटकार लगाई और राहुल गांधी को बिना शर्त माफी माँगनी पड़ी थी, फिर चौकीदार चोर है का शोर मचाया, जिस पर मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्यों तक ने एतराज जताया।
इस नारे पर जनता जनार्दन की अदालत ने 2019 चुनाव में राहुल गांधी को जमकर फटकार लगाई और कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ी। अपने राजनीतिक लाभ के लिए उन्होंने पूरे ओबीसी माज का अपमान किया। उन्हें चोर कहा। समाज और कोर्ट के द्वारा बार-बार समझाने और माफी मांगने के विकल्प को भी उन्होंने नजरअंदाज किया और लगातार ओबीसी समाज की भावना को ठेस पहुंचाई।



