चंदेल बाेले- कांग्रेस सरकार ने की वादाखिलाफी, मरकाम का पटलवार, कहा झूठे आराेप लगा रहे - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

चंदेल बाेले- कांग्रेस सरकार ने की वादाखिलाफी, मरकाम का पटलवार, कहा झूठे आराेप लगा रहे

रायपुर(realtimes) भाजपा के नए नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला किया है। श्री चंदेल ने कहा, कांग्रेस सरकार ने हर वर्ग को छलने का काम किया है। इस सरकार ने किसी का भला नहीं किया है। इसके जवाब में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष माेहन मरकाम ने कहा, श्री चंदेल भी भाजपा के पूर्व नेताओं की तरह झूठ बाेलने का काम कर रहे हैं।

एकात्म परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए श्री चंदेल ने कहा, 24 अगस्त को भारतीय जनता युवा मोर्चा बेरोजगारी के मुद्दे पर मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेगी। प्रदेश के लाखों युवा बेरोजगार हैं। भाजयुमो बेरोजगार युवाओं के लिए जंगी प्रदर्शन करेगी। इसमें पूरा प्रदेश संगठन साथ रहेगा। श्री चंदेल ने कहा, कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था। कांग्रेस ने 2500 रुपए बेरोजगारी भत्ता देने का भी वादा किया था, आखिर क्या हुआ इस वादे का। इस मामले में प्रदेश सरकार को श्वेतपत्र जारी कर बताया चाहिए कि अब तक कितने बेरोजगारों को रोजगार दिया और कितने को बेरोजगारी भत्ता दिया जा रहा है। श्री चंदेल ने कहा, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार आने के बाद से प्रदेश की स्थिति बदतर हो गई है। कानून व्यवस्था पूरी तरीके से बिगड़ गई है। विकास के कार्य बंद हो गए हैं, किसान परेशान हैं। सरकार ने किसानों को बोनस राशि देने का वादा किया था, लेकिन यह वादा भी पूरा नहीं किया। पूरा कर्ज माफ करने का वादा किया, लेकिन आधा अधूरा कर्ज माफ कर वाहवाही लूटी जा रही है। श्री चंदेल ने कहा, नकली खाद के कारण किसान काफी परेशान हैं। सरकार की धान खरीदी की व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है। प्रदेश 51 हजार करोड़ रुपए के कर्ज में डूबा हुआ है। अब कर्ज के ब्याज को पटाने के लिए वापस कर्ज लेना पड़ रहा है। प्रदेश की आर्थिक स्थिति खराब है। 

चंदेल केंद्र सरकार से करें श्वेत पत्र जारी करने की मांग

नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल की पत्रकारवार्ता का जवाब देते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि नारायण चंदेल के पहले जो लोग भाजपा का नेतृत्व करते थे उनके साथ जो समस्या थी वही समस्या उनके साथ भी है। वे भी कांग्रेस सरकार के खिलाफ मुद्दों की कमी से जुझ रहे हैं, वे समझ ही नहीं पा रहे कि कांग्रेस सरकार के खिलाफ क्या आरोप लगाए, इसलिए कुछ भी बयानबाजी कर सुर्खियां बटोरने की कोशिश में है।

श्री मरकाम ने कहा, नारायण चंदेल कहते है सरकार श्वेत पत्र जारी करे। बेरोजगारी के मुद्दे पर श्वेत पत्र केन्द्र सरकार से मांगना चाहिए। क्योंकि केन्द्र हर साल 2 करोड़ रोजगार देने का वादा किया था। केंद्र बताए कितना रोजगार दिया। नारायण चंदेल को कांग्रेस की सरकार के साढ़े तीन साल और भाजपा के 15 सालों का तुलनात्मक अध्ययन करना चाहिए, उन्हें राज्य की जमीनी हकीकत का सही आंकलन मिल जाएगा। राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद किसानों की स्थिति में हुए क्रांतिकारी परिवर्तन की जानकारी मिल जाएगी। जिस प्रदेश में भाजपा के राज में किसान आत्महत्या को मजबूर थे उसी छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के राज में किसान खुशहाल हुए हैं, उनका कर्जा माफ हुआ, किसानों को उनकी ऊपज की पूरी कीमत समर्थन मूल्य के साथ राजीव गांधी किसान न्याय योजना में 9000 रुपए की इनपुट सब्सिडी मिल रही है। छत्तीसगढ़ देश में अकेला राज्य है जहां पर किसानों को धान का 2500 रुपए मिल रहा है। राज्य के खेतिहर मजूदरों को राजीव गांधी ग्रामीण कृषि मजदूर न्याय योजना के अंतर्गत प्रतिवर्ष 7000 रुपए मिल रहा। रमन राज में तेंदूपत्ता संग्राहको को 2500 रुपए की राशि मिलती थी, कांग्रेस की सरकार 4000 रुपए दे रही है।

Related Articles

Back to top button