रियल टाइम्स की खबर निकली सच- भाजपा की यात्रा में मोदी, शाह, नड्डा ही होंगे शामिल  - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

रियल टाइम्स की खबर निकली सच- भाजपा की यात्रा में मोदी, शाह, नड्डा ही होंगे शामिल 

रायपुर। विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की 12 और 16 सितंबर काे निकलेगी वाली परिवर्तन यात्राओं में प्रधानमंत्री नरेंद्र माेदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल हाेंगे। आज सुबह की इस खबर काे रियल टाइम्स ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। अब इस खबर में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने मुहर भी लगा दी है। 

श्री साव ने बताया ये यात्राएं प्रदेश की 87 विधानसभाओं से होकर गुजरेंगी। इस बीच 84 आम सभाएं होंगी और 85 स्वागत सभाएं और सात रोड शो होंगे। दंतेवाड़ा से 12 सितंबर को प्रारंभ होने वाली यात्रा को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह हरी झंडी दिखाएंगे। जशपुर की यात्रा का प्रारंभ राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। दोनों यात्राओं के समापन में बिलासपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिस्सेदारी करेंगे।

एकात्म परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव ने बताया, दंतेवाड़ा से प्रारंभ होने वाली पहली यात्रा को मां दंतेश्वरी की पूजा-अर्चना के साथ अमित शाह हरी झंडी दिखाएंगे और जशपुरनगर से शुरू होने वाली दूसरी यात्रा को कोरवा व आदिवासियों की आराध्य देवी खुड़ियारानी की पूजा-अर्चना करके भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा हरी झंडी दिखाएंगे। श्री साव ने बताया, पहली यात्रा का नेतृत्व वह स्वयं करेंगे और दूसरी यात्रा का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल करेंगे। दोनों यात्राएं 87 विधानसभा क्षेत्रों की 2,989 किमी की यात्रा तय करेंगी। पहली यात्रा दंतेवाड़ा से प्रारंभ होकर मां बमलेश्वरी के दर्शन कर एवं दूसरी यात्रा जशपुर से निकलकर मां चंद्रहासिनी देवी की दर्शन करते हुए मां महामाया देवी की भूमि में संपन्न होगी।

यात्रा की यह होगी रूपरेखा

श्री साव ने बताया, दंतेवाड़ा की यात्रा बिलासपुर तक 16 दिन में 1,728 किमी की का सफर तय करेगी और तीन संभागों के 21 जिलों तक पहुंचेगी। यात्रा के दौरान 45 आमसभाएं, 32 स्वागत सभाएं और 5 रोड शो होंगे। इस पहली यात्रा के संयोजक विधायक शिवरतन शर्मा व पूर्व मंत्री महेश गागड़ा होंगे। उनके साथ सहयोगी के रूप में निरंजन सिन्हा व सचिन बघेल रहेंगे। दूसरी यात्रा के संयोजक मोतीलाल साहू, सांसद गुहाराम अजगले, और प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंहदेव होंगे। यह दूसरी यात्रा 12 दिन में 2 संभागों के 14 जिलों के 39 विधानसभा क्षेत्र तक पहुंचकर 1,261 किमी का सफर तय करेगी। इस दौरान 39 आमसभाएं, 53 स्वागत सभाएं और 2 रोड शो होंगे। यात्रा प्रतिदिन औसत 3 विधानसभा के दौरे पर रहेगी। इसमें हर दिन एक बड़ी सभा का आयोजन भी किया जाएगा। यात्रा के दौरान प्रतिदिन 6 स्वागत सभा, 3 छोटी सभा का आयोजन किया जाएगा।  

Related Articles

Back to top button