भाजपा प्रत्याशी पर कांग्रेस ने फोड़ा आरोप का बम, नेताम बाेले आराेप झूठा, मानहानि का करूंगा दावा

रायपुर(realtimes) भानुप्रतापपुर उपचुनाव में भाजपा से प्रत्याशी बनाए गए ब्रह्मानंद नेताम पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले में श्री नेताम ने कहा, मेरे पर लगाए गए आरोप गलत हैं, मैं इस मामले में मानहानि का दावा करूंगा।

मोहन मरकाम ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा, ब्रह्मानंद नेताम पर झारखंड राज्य के जमशेदपुर जिले में केस दर्ज है। 15 साल की नाबालिग के साथ अनाचार कर उसे देह व्यापार में धकेलने का मामला है। श्री मरकाम ने एफआईआर की कॉपी भी मीडिया को दिखाई। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि यह 2019 की है। पीसीसी चीफ ने कहा कि पुलिस ने पहले 5 आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की थी, जिसके बाद जांच में 10 से 12 आरोपी सामने आए, जिनमें भाजपा प्रत्याशी भी शामिल हैं।
इधर इस मामले में भाजपा प्रत्याशी श्री नेताम का कहना है, मुझ पर गलत आराेप लगाया जा रहा है। मेरा इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है। मैं इस मामले में कानूनी सलाह लेकर मानहानि का दावा करूंगा। यह सब मुझे बदनाम करने की साजिश है।



