सीएम हाउस के आस-पास भी फटकने नहीं देंगे भाजयुमो काे, तगड़ी सुरक्षा का रहेगा इंतजाम - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

सीएम हाउस के आस-पास भी फटकने नहीं देंगे भाजयुमो काे, तगड़ी सुरक्षा का रहेगा इंतजाम

रायपुर(realtimes) मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास के आस-पास के पूरे इलाके में तगड़ी सुरक्षा का इंतजाम करने में पुलिस प्रशासन जुटा है। सीएम हाउस के आस-पास भी भाजयुमो के कार्यकर्ताओं काे फटकने नहीं दिया जाएगा। दरअसल भारतीय जनता युवा मोर्चा एक बार फिर से राजधानी रायपुर में बड़ा आंदोलन करने जा रहा है। पीएससी घोटाले को लेकर कल मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा।

पीएससी की परीक्षा परिणाम को लेकर भाजपा लगातार गड़बड़ी का आरोप लगा रही है। इस मामले में जांच के लिए भाजयुमो ने राज्यपाल को ज्ञापन भी सौंपा है। अब इस मामले में 19 जून को राजधानी रायपुर में बड़ा आंदोलन किया जा रहा है। इसकी तैयारी में भाजयुमो जुटा हुआ है। आंदोलन के लिए रायपुर जिले से ही दस हजार से ज्यादा की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।

आंदोलन में रहेंगे बड़े नेता

इस आंदोलन में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल, केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह, सांसद सुनील सोनी, विधायक बृजमोहन अग्रवाल के साथ कई दिग्गज नेता शामिल होंगे। आंदोलन का नेतृत्व करने के लिए भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या सोमवार को सुबह 9 बजे पहुंचेंगे। भाजयुमो के आंदोलन को देखते हुए मुख्यमंत्री निवास को छावनी में तब्दील करने का काम चल रहा है। मुख्यमंत्री निवास के आस-पास भारी पुलिस बल तैनात रहेगा।

सभा के बाद सीएम हाउस कूच  
कल दोपहर एक बजे सप्रे स्कूल के पास पहले बड़ी सभा होगी। इस सभा में सभी बड़े नेता रहेंगे। सभा में नेताओं के संबोधन के बाद भाजयुमो के कार्यकर्ता और पदाधिकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या के नेतृत्व में मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने के लिए कूच करेंगे।
रास्ते में रोकने की तैयारी
भाजयुमो के कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री निवास पहुंचने से पहले ही रोकने की तैयारी पुलिस प्रशासन कर रहा है। इसके लिए जहां मुख्यमंत्री निवास के चारों तरफ बेरिकेड्स लगाए जा रहे हैं, वहीं आकाशवाणी के पास बेरिकेड्स लगाकर पूरा रास्ता बंद किया जा रहा है। किसी भी प्रदर्शनकारियों को मुख्यमंत्री निवास तक पहुंचने नहीं दिया जाएगा।
युवाओं का मिल रहा साथ: भगत
प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत ने युवाओं से कहा, पीएससी भ्रष्टाचार के खिलाफ युवा हमारा साथ दे, इस आंदोलन में भ्रष्ट कांग्रेस सरकार खिलाफ आवाज उठाए। उन्होंने बताया, इस आंदोलन के लिए विभिन्न जगहों में युवाओं से संपर्क लगातार किया जा रहा है। प्रदेश के तमाम युवा, जिनके साथ इस भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने पीएससी भ्रष्टाचार में उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है, सभी का साथ भाजपा को मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button