खास खबर: तकनीकी बीड की जांच एक माह बाद भी बाकी, स्मार्ट मीटर का रेट टेंडर खुलेगा अब अगले माह - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

खास खबर: तकनीकी बीड की जांच एक माह बाद भी बाकी, स्मार्ट मीटर का रेट टेंडर खुलेगा अब अगले माह

अडानी, टाटा सहित पांच कंपनियों ने भरा है चार हजार करोड़ का टेंडर

रायपुर. प्रदेश में लगने वाले स्मार्ट मीटर के चार हजार करोड़ के टेंडर को लेकर छत्तीसगढ़ राज्य पॉवर कंपनी में एक माह से तकनीकी बीड की जांच का काम चल रहा है। अब तक यह काम पूरा न होने के कारण रेट का टेंडर अटक गया है। अब इसको अगले माह खोला जाएगा। टेंडर फाइनल होने के बाद ही मीटर लगने प्रारंभ होंगे। टेंडर काे तीन हिस्सों में बांटकर किया गया है। अडानी और टाटा जैसी नामी कंपनियों ने भी टेंडर भरा है।
प्रदेश में 56 लाख से ज्यादा उपभोक्ताओं के मीटरों को बदलकर स्मार्ट मीटर लगाने के लिए छत्तीसगढ़ राज्य पाॅवर कंपनी ने पांच संभागों को तीन हिस्सों में बांटकर टेंडर किया है। इसका तकनीकी बीड 31 जनवरी को खोला गया था। उसमें जो पांच कंपनियां सामने आईं हैं, उसमें सबसे बड़ी कंपनी के रूप में अडानी की कंपनी है। इस कंपनी ने सभी संभागों का चार हजार करोड़ का टेंडर भरा है। एक बड़ी नामी कंपनी टाटा ने भी टेंडर भरा है, लेकिन टाटा ने महज रायपुर संभाग के टेंडर में ही रुचि दिखाई है। इसी के साथ तीन और कंपनियों ने भी टेंडर भरा है। अब सभी कंपनियों को तकनीकी बीड पर परखा जा रहा है। इसमें जो कंपनियां पात्र मिलेगी उनका रेट खोलकर अगले माह टेंडर को फाइनल किया जाएगा।
टेंडर तीन हिस्सों में
टेंडर को पॉवर कंपनी ने प्रदेश के पांच संभागों के हिसाब से किया है, क्योंकि एक साथ चार हजार करोड़ का टेंडर करने पर ज्यादा कपंनियां के आने की संभावना नजर नहीं आ रही थी। इसी के साथ अलग-अलग हिस्सों में टेंडर करने के काम भी तेजी से होगा। रायपुर संभाग बड़ा होने के कारण उसको अलग संभाग रखा गया है और इसका टेंडर 16 सौ करोड़ का है। इसी के साथ दुर्ग संभाग के साथ बस्तर संभाग को मिलाया गया है। इसका टेंडर भी 16 सौ करोड़ का है। बिलासपुर और अंबिकापुर संभाग को मिलाकर एक पैकेज किया गया है। इसकी टेंडर आठ सौ करोड़ का है।
अडानी ने भरे सभी टेंडर
कुल मिलाकर पांच संभागों के तीन पैकेज के लिए पांच कंपनियां ने टेंडर भरा है। रायपुर संभाग का टेंडर अडानी और टाटा के अलावा तीन और कंपनियों इन टेली स्मार्ट, हाई प्रिंट एनर्जी और एनसीएल ने भरा है। बस्तर और दुर्ग का अडानी के अलावा एक और कंपनी ने और बिलासपुर और अंबिकापुर का अडानी के अलावा दो और कंपनियों ने टेंडर भरा है। अगर तकनीकी बीड में तीनों पैकेजों में अडानी की कंपनी पात्र हो जाती है और उसका रेट भी एल वन होगा तो उनको पूरे प्रदेश में मीटर लगाने का काम मिल सकता है। रायपुर संभाग में अगर टाटा कंपनी एल वन हो गई तो उसके हिस्से में टेंडर जा सकता है। इसी के साथ दूसरी कंपनियां भी दौड़ में शामिल हैं। जिनका रेट एल वन होगा उसको काम मिलेगा। लेकिन अभी रेट का टेंडर खोलने में समय लगेगा। तकनीकी बीड का काम पूरा हाेने पर ही इसको खोला जाएगा।

Related Articles

Back to top button