खास खबर: डेडलाइन की फिर अनदेखी, भाजयुमो और किसान मोर्चा की कार्यकारिणी का अब तक ऐलान नहीं - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

खास खबर: डेडलाइन की फिर अनदेखी, भाजयुमो और किसान मोर्चा की कार्यकारिणी का अब तक ऐलान नहीं

रायपुर(realtimes) प्रदेश भाजयुमो और किसान मोर्चा की नई कार्यकारिणी तय करने के लिए 15 नवंबर की डेडलाइन तय की गई थी, लेकिन तय डेड लाइन की फिर एक बार अनदेखी करते हुए अब तक इसका ऐलान नहीं हो सका है। इसके पीछे का कारण लगातार कार्यक्रमों के बाद अब भानुप्रतापपुर का उपचुनाव बताया जा रहा है। अब दिसंबर के दूसरे सप्ताह तक कार्यकारिणी का ऐलान करने की तैयारी है। भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत का कहना है, कार्यकारिणी में बड़ा बदलाव होगा। इसी तरह से किसान मोर्चा के अध्यक्ष पवन साहू का कहना है, सभी वरिष्ठ नेताओं से रायशुमारी करके कार्यकारिणी तय करेंगे। अभी तो सब भानुप्रतापपुर के उपचुनाव में लगे हैं।
भाजपा का पूरा फोकस मिशन 2023 पर है। भाजपा की रणनीति विधानसभा चुनाव में जीत प्राप्त करके फिर से सत्ता में वापसी की है। इसके लिए प्रदेश संगठन में लगातार बदलाव किए गए हैं। प्रदेशाध्यक्ष को बदलने के बाद उनकी जो नई कार्यकारिणी बनी है, इसमें भी बड़ा बदलाव किया गया है। 54 सदस्यों की कार्यकारिणी में दो दर्जन नए चेहरे हैं। इसी के साथ कार्यकारिणी से 60 साल से ज्यादा वालों की छुट्टी हो गई है। नई कार्यकारिणी में भाजयुमो और किसान मोर्चा के अध्यक्ष भी बदले गए और इनको नई कार्यकारिणी बनाने के लिए कहा गया।
ओवरएज पर भी बड़ा पेंच
भाजयुमो के पुराने अध्यक्ष की कार्यकारिणी में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के 35 साल से ज्यादा वालों को न रखने के निर्देश के बाद कुछ ओवरएज कार्यकर्ताओं को पदाधिकारी बना दिया गया था। इसको लेकर बड़ा विवाद भी हुआ। इस मामले में पूर्व प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी ने कार्रवाई की भी तैयारी की थी। सभी पदाधिकारियों की पूरी कुंडली मंगवाई गई थी, लेकिन मामला ठंडे बस्ते में चला गया। लेकिन अब नई कार्यकारिणी को लेकर कहा जा रहा है, इसमें जहां पदाधिकारी अंडर 35 साल वाले ही रहेंगे, वहीं जो ज्यादा उम्र के हैं उनको बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। ऐसे में प्रदेश कार्यकारिणी के कुछ नेताओं के साथ कई जिलाध्यक्ष भी बाहर हो जाएंगे। लेकिन ऐसा करना नए अध्यक्ष के लिए आसान नहीं है। जो भी ओवरएज हैं, वो दिग्गज नेताओं के समर्थक हैं। इनको बाहर का रास्ता दिखाने का काम आसान नहीं है। यह भी एक बड़ी वजह है जिसके कारण कार्यकारिणी का ऐलान अब तक नहीं हो सका है। 
करेंगे बड़ा बदलाव
भाजयुमो के नए अध्यक्ष रवि भगत का कहना है, कार्यकारिणी में प्रदेश संगठन की कार्यकारिणी की तरह ही बड़ा बदलाव होगा। इसको लेकर लगभग तैयारी हो गई है। अब भानुप्रतापपुर के उपचुनाव के बाद सभी वरिष्ठ नेताओं से नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की सूची पर सहमति लेकर कार्यकारिणी का ऐलान किया जाएगा। किसान मोर्चा के अध्यक्ष पवन साहू का कहना है, कार्यकारिणी का खाका लगभग तैयार है, बस उस पर वरिष्ठ नेताओं की अंतिम सहमति बाकी है। इसके पूरा होते ही ऐलान कर देंगे।

Related Articles

Back to top button