खास खबर:भाजपा-कांग्रेस बस्तर में तलाश रही जीत की चाबी

आज कांग्रेस का संभागीय सम्मेलन के बहाने हाेगा बड़ा शक्ति प्रदर्शन
रायपुर(realtimes) छत्तीसगढ़ के इतिहास में जिस भी पार्टी ने बस्तर पर कब्जा किया है, सत्ता की चाबी उसके हाथ लगी है। एक बार ही अपवाद स्वरूप 2013 में भाजपा का बस्तर में कब्जा न हाेने के बाद भी सत्ता पर कब्जा रहा है, लेकिन अब राह कठिन है। यही वजह है कि विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से भाजपा और कांग्रेस ने ताकत दिखाने का सिलसिला प्रारंभ कर दिया है। दोनों दलों का बड़ा फोकस बस्तर पर है।
इसमें संदेह नहीं है कि बस्तर से ही अब तक जीत का रास्ता निकलता रहा है। पिछले चुनाव में ही कांग्रेस ने बस्तर से 12 में से 11 सीटें जीतकर सरकार बनाने का काम किया था। इसके पहले भाजपा ने 2003 में प्रदेश में हुए पहले विधानसभा चुनाव में बस्तर में 11 सीटें जीती थीं। अब भाजपा और कांग्रेस ने जीत की चाबी पाने के लिए बस्तर का रुख किया है। पहले भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने चार दिनों का दौरा किया, अब कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारा सैलजा आज को वहां जा रही हैं।
बस्तर में है अभी कांग्रेस का पूरा कब्जा
बस्तर में 12 सीटें हैं। इन सीटों के सत्ता का बड़ा फैसला अब तक होता रहा है। बात करें 2003 के पहले चुनाव की तो इस चुनाव में भाजपा ने 12 से 11 सीटें जीतकर पहली बार सरकार बनाने का काम किया। इसके बाद 2008 में भी भाजपा के हाथ 11 सीटें लगीं। लेकिन 2013 के चुनाव में भाजपा के हाथ 11 सीटें नहीं लगी, लेकिन कम सीटों के बाद भी भाजपा की सरकार बनी। 2018 में कांग्रेस ने भाजपा जैसा काम किया और 12 में से 11 सीटें जीतकर सरकार बनाने का काम किया। इसके बाद भीमा मंडावी की नक्सलियों द्वारा हत्या किए जाने के कारण खाली हुई सीट पर भी कांग्रेस ने कब्जा कर लिया। ऐसा पहली बार हुआ है कि बस्तर की सभी सीटाें पर कांग्रेस का कब्जा हो गया है।
माथुर ने किया सभी विस में मंथन
भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने एक माह में दूसरी बार बस्तर का दौरा किया। पहला दौरा पूरा न होने पर इस बार का दौरा चार दिनों का रहा। इस दौरे में खास बात यह रही हैलीकॉप्टर का उपयोग करके चार दिनों में सभी 12 विधानसभाओं की कोर कमेटी की बैठक लेकर वहां की स्थिति के बारे में पूरी जानकारी ली गई। भाजपा को जो रिपोर्ट मिली है, उसमें आधा दर्जन सीटों पर भाजपा मजबूत नजर आ रही हैं। बाकी सीटों को भी मजबूत करने के लिए रणनीति बनाई गई है। इसके लिए श्री माथुर ने मार्गदर्शन दिया है।
मुख्यमंत्री, शैलजा सहित कांग्रेस के सभी बड़े नेता बस्तर में
कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के साथ कांग्रेस का बस्तर में आज संभागीय सम्मेलन हो रहा है। इसमें कांग्रेस के सारे विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, सारे जनप्रतिनिधि, सभी जिलों के पदाधिकारी शामिल होंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ ही कई मंत्री शामिल होंगे। कुल मिलाकर कांग्रेस का वहां पर इस सम्मेलन के बहाने बड़ा शक्ति प्रदर्शन होगा। इसके पहले भेंट मुलाकात में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बस्तर की सभी विधानसभाओं का दौरा कर चुके हैं। इसी के साथ कांग्रेस के भरोसा सम्मेलन में प्रियंका गांधी बस्तर आ चुकी है।



