केंद्र सरकार  डॉ. मनमोहन सिंह का स्मारक बनवाएगी - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Top News

केंद्र सरकार  डॉ. मनमोहन सिंह का स्मारक बनवाएगी

नई दिल्ली :देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह का शुक्रवार को 92 वर्ष की उम्र में दिल्ली एम्स में निधन हो गया था। शुक्रवार को पीएम मोदी समेत देश के तमाम प्रमुख नेताओं ने मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर के दर्शन किए और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं, अब मोदी सरकार ने डॉ. मनमोहन सिंह को बड़ा सम्मान देने का फैसला किया है।  केंद्र सरकार देश की राजधानी नई दिल्ली में डॉ. मनमोहन सिंह का स्मारक बनवाएगी। आइए जानते हैं कि इस मामले में क्या अपडेट सामने आया है।

कांग्रेस पर राजनीति करने का आरोप
केंद्र की मोदी सरकार ने कांग्रेस पार्टी पर इस मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। आधिकारिक सूत्रों ने कहा है कि पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के सम्मान में स्मारक बनाने का फैसला किया गया है। हालांकि, स्मारक बनाने के लिए उचित स्थान ढूंढने में कुछ दिन लगेंगे। एक सरकारी सूत्र ने कहा- “मनमोहन सिंह के सम्मान में स्मारक बनाने के सरकार के फैसले के बारे में कांग्रेस को बता दिया गया है। लेकिन वे इस मुद्दे पर राजनीति में लग गए हैं।”

कांग्रेस ने क्या कहा था?
कांग्रेस पार्टी की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए जगह की मांग की गई थी। पार्टी ने शुक्रवार को कहा था कि मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार और स्मारक के लिए जगह नहीं मिलना देश के पहले सिख प्रधानमंत्री का जानबूझकर किया गया अपमान है।

खरगे ने पीएम मोदी से की थी बात
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार से पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के समाधिस्थल के लिए जगह की मांग की थी। मल्लिकार्जुन खरगे ने इस मुद्दे पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी बात की थी और उनके सामने स्मारक के लिए जगह देने की मांग की थी। कांग्रेस की ओर से जारी किए गए पत्र में कहा गया है कि डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार ऐसे स्थान पर करवाया जाए जहां उनका स्मारक बनाया जा सके।

कहां होगा मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार?
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा शनिवार को सुबह 9.30 बजे शुरू होगी। उनके पार्थिव शरीर को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मुख्यालय से श्मशान घाट तक ले जाया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ शनिवार को 11 बजकर 45 मिनट पर दिल्ली के निगमबोध घाट पर होगा।

Related Articles

Back to top button