कृतज्ञ राष्ट्र ने बापू को अर्पित की श्रद्धांजलि - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Top News

कृतज्ञ राष्ट्र ने बापू को अर्पित की श्रद्धांजलि

नयी दिल्ली। कृतज्ञ राष्ट्र ने गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी 77वीं पुण्य तिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने राजघाट पर गांधी समाधि पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और अन्य नेताओं ने राजघाट पर आयोजित प्रार्थना सभा में भी भाग लिया। राष्ट्रपति के साथ राजघाट पर केन्द्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल, तीनों सेनाओं के प्रमुख और सेनाओं का एक मार्चिंग दस्ता भी था। राष्ट्रपति ने पूरे सैनिक सम्मान के साथ राष्ट्रपिता की समाधि पर पुष्प चक्र समर्पित किया। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 30 जनवरी मार्ग स्थित गांधी स्मृति जाकर राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, राजघाट पर सुबह पूज्य बापू को श्रद्धांजलि अर्पित की, हम अपने राष्ट्र के प्रति उनके सपनों को साकार करने के लिये अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हैं।  मिजोरम के राज्यपाल सेवानिवृत्त जनरल वी के सिंह ने सोशल मीडिया पर कहा, गांधी जी ने हमें सत्य, अहिंसा और शांति का मार्ग दिखाया। उनके आदर्श सदैव हमें प्रेरित करते रहेंगे।  देश भर में इस अवसर पर जगह-जगह बापू की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम, गोष्ठियां और प्रार्थना सभायें आयोजित की गयीं।

Related Articles

Back to top button