सेंवढ़ा, इंदरगढ़ और मुरैना में आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान का रोड शो - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Top News

सेंवढ़ा, इंदरगढ़ और मुरैना में आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान का रोड शो

आप के राष्ट्रीय संगठन महासचिव और राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक भी रोड शो में हुए शामिल

बच्चों की भीड़ और महिलाओं का घर से बाहर आना बता रहा है कि मध्य प्रदेश में हम बदलाव चाहते हैं: भगवंत मान, मुख्यमंत्री, पंजाब

देश में नेताओं के बच्चे ही नेता बनते हैं लेकिन आम आदमी पार्टी ने आम लोगों के बच्चों को मंत्री और अध्यक्ष बनाया: भगवंत मान

मध्य प्रदेश में कहते हैं कि सरकार घाटे में चल रही है, दिल्ली में भी कहते थे लेकिन अब सरकार फायदे में चल रही है, वजह है भ्रष्टाचार रुक गया: अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री, दिल्ली

अगर गंदी राजनीति चाहिए तो इनको लेकिन अगर बढ़िया स्कूल, मुफ्त 24 घंटे बिजली,अस्पताल चाहिए तो मुझे वोट देना: अरविंद केजरीवाल


भोपाल  ।  आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सेंवढ़ा के इंदरगढ़ और मुरैना में आप प्रत्याशियों के पक्ष में रोड शो किया। दोनों मुख्यमंत्रियों ने लोगों से आप प्रत्याशियों को जिताने की भी अपील की। आप के राष्ट्रीय संगठन महासचिव और राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक, प्रदेश प्रभारी बीएस जून भी रोड शो में मौजूद रहे। सेंवढ़ा में जैसे ही रोड शो शुरू हुआ, अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने जनता का हाथ जोड़कर और हाथ हिलाकर अभिवादन किया। वहीं लोगों ने भी अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के समर्थन में जमकर नारे लगाए।

पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान ने रोड शो को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों की भीड़ और महिलाओं का घर से बाहर आना, मकान से, दुकानों से लोगों का बाहर निकलना ये बड़ा संकेत है कि हम बदलाव चाहते हैं। ये संकेत है कि मध्य प्रदेश के लोगों में भी दिल्ली और पंजाब की तरह जुनून है। उन्होंने कहा कि देश को 75 साल हो गए आजाद हुए पर गरीब, गरीब हो रहा है और अमीर, अमीर हो रहा है। अभी पढ़ाई में, स्वास्थ्य सेवाओं में बहुत बड़ा फर्क है। यही फर्क मिटाने के लिए अरविंद केजरीवाल जी ने आम आदमी पार्टी बनाई। उन्होंने कहा कि नेताओं के बच्चे ही नेता बनते हैं। नेताओं के बच्चे ही अध्यक्ष बनते हैं। आम आदमी के बच्चों को अध्यक्ष कौन बनाएगा। आम आदमी पार्टी ने आम लोगों के बच्चों को मंत्री, अध्यक्ष और बड़े पदों पर पहुंचाया।

भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में 37 हजार 100 सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र देकर आपके सामने खड़ा हूं। कल पंजाब जाकर 596 युवाओं को और नियुक्ति पत्र देंगे। इस बार दीवाली इऩ युवाओं के घरों को रोशन करेगी। उन्होंने लोगों से कहा कि अगर दिल्ली और पंजाब की तरह विकास चाहिए, किस्मत बदलनी है तो इस बार झाड़ू का बटन दबा दो। दूसरे बटन वालों ने तो 75 साल लूटा ही है। वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गरीबी नारे लगाने से दूर नहीं होगी, स्कूल बनाने से दूर होगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी देशभक्त लोगों की पार्टी है, कट्टर ईमानदार लोगों की पार्टी है। उन्होंने कहा कि विधायक बनने में लोगों की चप्पलें घिस जाती हैं लेकिन ये कोई ऐसे ही नहीं हैं कि 10 सालों में दिल्ली में सरकार बन गई,पंजाब में सरकार बन गई, गुजरात में 5 विधायक बन गए, गोवा में 2 विधायक बन गए और अब मध्य प्रदेश की बारी है। इतनी तेजी से आम आदमी पार्टी क्यों बढ़ रही है, ऐसी क्या खासियत है आम आदमी पार्टी में। ईमानदारी। जो काम दूसरी पार्टियों ने 75 साल में नहीं किए हम वो करके दिखा रहे हैं।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज दिल्ली में किसानों के बच्चे, मजदूरों के बच्चे इंजीनियर और डॉक्टर बन रहे हैं। आज मेरे दिल्ली के गरीबों के बच्चों का एडमिशन आईआईटी खडगपुर में हो रहा है। उन्होंने कहा कि गरीबी कैसे दूर होगी। अगर हमने अपने बच्चों को पढ़ा दिया तो गरीबी दूर होगी। उन्होंने कहा कि ये 24 घंटे घर भरने में लगे रहते थे और हम 24 घंटे काम करने में लगे रहते हैं। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर आपको गाली गलौज चाहिए, व्यापम घोटाले, गंदी राजनीति चाहिए तो इनको वोट देना लेकिन अगर बढ़िया स्कूल चाहिए, मुफ्त 24 घंटे बिजली चाहिए, अस्पताल चाहिए तो मुझे वोट देना।

वहीं मुरैना में भी आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान ने आप प्रत्याशियों के पक्ष में रोड शो किया। रोड शो श्री राम पब्लिक स्कूल से शुरु हुआ और पुल चौराहा एमएस रोड पर जाकर समाप्त हुआ। मुरैना में अपने लाड़ले मुख्यमंत्रियों को अपने बीच पाकर लोग बेहद उत्साहित नजर आए। अपने चहेरे मुख्यमंत्री को देखने लोग छतों पर बालकनी में झांकते नजर आए। लोगों ने आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल के समर्थन में नारेबाजी की। 

पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान ने रोड शो को संबोधित करते हुए कहा कि मुरैना की धरती पर इतनी रात गए आप लोगों का अपने मकानों और दुकानों से बाहर निकलना ये हमारे लिए तो है ही लेकिन देश के लिए ये तब्दीली का संकेत हैं। उन्होंने कहा कि ये हर 5 साल में आ जाते हैं कि एक मौका और दीजिए। हम मौके दे देकर थक गए लेकिन ये मौके मांग मांगकर नहीं थके। ये गरीब का पैसा खा गए, हमारे बच्चों के हिस्से की पढ़ाई खा गए, बुजुर्गों के हिस्से की दवाई खा गए,हमारी जवानी खा गए, हमारी किसानी खा गए, हमारा व्यापार खा गए, दुकानदार खा गए। उन्होंने कहा कि 17 तारीख को बटन बदल लो और झाड़ू वाला बटन दबाकर इन सबको बता दो कि जनता है। उन्होंने कहा कि जनता जब जाग जाती है तो 20 साल का हिसाब 20 मिनट में ले लेती है। दिल्ली और पंजाब में हम देख चुके हैं। बड़े बड़े दिग्गज, जो कई पीढ़ियों से नहीं हारे थे। 26-27 साल के नए लड़के लड़कियों ने उन्हें हरा दिया। उन्होंने कहा कि तीसरे नंबर का बटन दबाना है और आना पहले नंबर पर है। वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमारी पार्टी कट्टर ईमानदार पार्टी है। हमारी पार्टी के लोग कट्टर देशभक्त लोग हैं। 10 साल पहले दिल्ली में हमें मौका मिला हमने वो काम कर दिए जो इन पार्टियों ने 75 साल में नहीं किए थे। 75 साल में इन दोनों पार्टियों ने केवल देश को लूटने को काम किया है। जिस पार्टी और जिस नेता को मौका मिला उसने इतना पैसा कमा लिया कि उसकी 10 पुश्तें खा सकती हैं।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में हमारे से पहले वाली सरकारें कहती थीं कि पैसे नहीं हैं सरकार घाटे में चल रही हैं। जबसे मैं मुख्यमंत्री हूं दिल्ली के अंदर सरकार घाटे में नहीं चल रही है। पूरे देश में पहली ऐसी सरकार है जो नफे में चल रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में सरकारी स्कूल इतने अच्छे बना दिए कि अमीर आदमी भी अपने बच्चों को प्राइवेट स्कूल से निकालकर सरकारी स्कूल में पढ़ा रहे हैं। दिल्ली में जादू हो रहा है…जादू। उन्होंने कहा कि दिल्ली में 5 रुपये का हो या फिर 50 लाख का ऑपरेशन, अमीर हो या गरीब सबका इलाज फ्री कर दिया। दिल्ली में अब 24 घंटे बिजली आती है और मुफ्त बिजली आती है। केजरीवाल ने आप प्रत्याशी रमेश उपाध्याय और दिमनी से प्रत्याशी सुरेंद्र तोमर और जौरा से भगवती धाकड़ को जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुरैना में कानून व्यवस्था खराब है। सबसे पहले कानून व्यवस्था ठीक करेंगे। स्कूल,अस्पताल ठीक करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर हमने 5 साल काम नहीं किया तो अगली बार आपसे वोट मांगने नहीं आउंगा।

Related Articles

Back to top button