चक्रवात दाना का तीन राज्यों में असर, बारिश-तेज हवा, 300 विमान-552 ट्रेन रद्द - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Top News

चक्रवात दाना का तीन राज्यों में असर, बारिश-तेज हवा, 300 विमान-552 ट्रेन रद्द

नई दिल्ली। ओडिशा और बंगाल से आई तस्वीरों में देखा जा सकता है कि तेज हवाओं के साथ समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं। ओडिशा और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्रियों ने बैठक कर एहतियाती उपायों की समीक्षा की। मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवात के लैंडफॉल की प्रक्रिया आज भी जारी रहेगी। तीन राज्यों में इसका असर दिख रहा है। ओडिशा और बंगाल में 12.5 लाख से अधिक लोग सुरक्षित स्थान पर पहुंचाए गए हैं। जानिए अपडेट

 

चक्रवात के लैंडफॉल की प्रक्रिया अगले कई घंटों तक जारी रहेगी

चक्रवात दाना से जुड़ी ताजा जानकारी में मौसम विभाग ने बताया कि भीषण चक्रवाती तूफान ‘दाना’ 10 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ रहा है। आज तड़के 05.30 बजे यह ओडिशा के धामरा से लगभग 20 किमी उत्तर-उत्तरपश्चिम और भितरकनिका के हबलीखाटी नेचर कैंप से 40 किमी उत्तर-उत्तरपश्चिम में रहा। ओडिशा के अलग-अलग इलाकों में तेज हवाओं के साथ लगातार बारिश हो रही है।

 

आज दोपहर तक कमजोर पड़ेगा तूफान

फिलहाल चक्रवात उत्तरी तटीय ओडिशा के ऊपर केंद्रित है। तट से टकराने की प्रक्रिया जारी है। चक्रवात के लैंडफॉल की प्रक्रिया अगले 1-2 घंटों तक जारी रहेगी। तूफान उत्तर ओडिशा में लगभग पश्चिम-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है। 25 अक्तूबर की दोपहर तक दाना ‘गंभीर’ श्रेणी से हटकर धीरे-धीरे चक्रवाती तूफान में बदलकर कमजोर होगा, इसकी पूरी संभावना है।

 

ओडिशा में चक्रवात दाना के असर के कारण बहुत तेज हवाएं चल रही हैं। भारी बारिश से धामरा और भद्रक में तबाही का मंजर देखा जा रहा है। चक्रवात दाना के कहर की एक तस्वीर में ओडिशा के भद्रक जिले में अपनी नाव को सुरक्षित किनारे लगाने की कोशिश करते मछुआरों को संघर्ष करते देखा गया। दक्षिण पूर्व रेलवे ने 150, पूर्वी तटीय रेलवे ने 198, पूर्वी रेलवे ने 190 और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 14 ट्रेनें रद्द की हैं। नौसेना ने बताया कि बचाव अभियान के लिए आंध्र प्रदेश, ओडिशा व प. बंगाल में प्रभारी अफसरों के साथ समन्वय करते हुए व्यापक आपदा प्रतिक्रिया तंत्र को सक्रिय किया है।

 

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) व अग्निशमन की 288 टीमें चक्रवात से होने वाले नुकसान से बचाव में जुटी हैं। बचाव अभियान में नौसेना के दो जहाजों को भी लगाया गया है।

 

चक्रवात दाना के असर से भारी बारिश, 300 उड़ानें व 552 ट्रेनें निरस्त

ओडिशा तट पर बृहस्पतिवार देर रात को पहुंचे चक्रवात की जद में कुल सात राज्य हैं। इनमें से तीन राज्यों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। बंगाल के शमशेरगंज और फरक्का में आंधी-तूफान की चपेट में आकर तीन नावें पलट गईं और 16 मछुआरे लापता हो गए। भुवनेश्वर व कोलकाता हवाईअड्डों से करीब 300 उड़ानें रद्द कर दी गईं। रेलवे ने कुल 552 ट्रेनें रद्द की हैं। बीजू पटनायक एयरपोर्ट पर सुरक्षाबल मुस्तैद हैं। उड़ानों की सेवा ठप है।

 

हवाईअड्डे बंद : कोलकाता और भुवनेश्वर एयरपोर्ट15 घंटे बंद रहेंगे

एहतियात बरतने के उपाय करते हुए ओडिशा और बंगाल में हवाईअड्डे बंद रखने का फैसला लिया गया है। कोलकाता और भुवनेश्वर हवाईअड्डे बृहस्पतिवार शाम से 15 घंटे यानी आज भी बंद रहेंगे।

 

जगन्नाथ पुरी व कोणार्क मंदिर न जाने की सलाह

चक्रवात के मद्देनजर अधिकारियों ने श्रद्धालुओं को पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर न जाने की सलाह दी है। 12वीं सदी के पुरी मंदिर पर आपदा का असर न्यूनतम करने की कोशिशें की जा रही हैं। परिसर से अस्थायी टेंट हटा दिए हैं। एस्बेस्टस की छतों पर रेत की बोरियां रखी गई हैं। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने कोणार्क में 13वीं सदी के सूर्य मंदिर को दो दिन के लिए बंद कर दिया है। पर्यटकों को समुद्र तटों पर जाने से रोक दिया गया है।

 

ओडिशा में तेज बारिश और हवाओं के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों में ओडिशा के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बाढ़ आने का खतरा है। जिन जिलों में अचानक बाढ़ आने की आशंका है, उनमें अंगुल, बालासोर, बौध, भद्रक, कटक, ढेंकनाल, गजपति, गंजम, जगतसिंहपुर, जाजपुर, कंधमाल, क्योंझर, खुर्दा, मयूरभंज, नयागढ़ और पुरी शामिल हैं।

 

Related Articles

Back to top button