उरला के उद्योगों को संपत्ति कर से मुक्ति, एसोसिएशन ने जताया भूपेश का आभार

रायपुर। उरला के औद्योगिक क्षेत्र को एक दशक बाद अब जाकर संपत्ति कर से मुक्ति मिली है। गणतंत्र दिवस के दिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसका ऐलान किया। उरला एसोसिएशन ने इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया है।
उरला एसोसिएशन के अध्यक्ष अश्विन गर्ग ने बताया, राज्य शासन द्वारा औद्योगिक क्षेत्र के लिए मूलभूत सुविधाएं भूमि, पानी, स्ट्रीट लाइट सीएसआईडीसी द्वारा प्रदान की जाती है। उद्योगों की जमीन सीएसआईडीसी की लीज पर है। ऐसे में उद्योग सीएसआईडीसी को ही भू-भाटक, जल संधारण शुल्क एवं संधारण शुल्क देते हैं। इसके बाद भी उद्योगों से नगर निगम द्वारा संपत्ति कर की मांग लगातार की जाती है। इस दोहरे भार से मुक्ति के लिए लगातार प्रयास किया जाता रहा है, अब जाकर इस मामले में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गंभीरता से लेते हुए उद्योगों को संपत्ति कर के भार से मुक्त किया है। एसोसिएशन ने सरकार के फैसले के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ ही प्रदेश के मंत्री मो. अकबर, कवासी लखमा और विधायक सत्यनारायण शर्मा का आभार जताया है।



