उत्तर भारत शीत लहर के आगोश में - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Top News

उत्तर भारत शीत लहर के आगोश में

  • अगले तीन दिन के लिए घने कोहरे की चेतावनी
  • हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी से तीन एनएच सहित 157 सड़कें बंद

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत समूचा उत्तर भारत शीत लहर के आगोश में है। पहाड़ों पर गिर रही बर्फ से मैदानों में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली समेत कई राज्यों में हल्की बारिश होने और कोहरा छाने की संभावना है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने की संभावना है। अगले तीन दिन के लिए घने कोहरे की चेतावनी (येलो अलर्ट) जारी की गई है। राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में आज सुबह कोहरे की पतली परत छाई रही और न्यूनतम तापमान गिरकर 7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

विभाग के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने कारण 27 और 28 दिसंबर को उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में ओलावृष्टि के साथ हल्की से मध्यम वर्षा या गरज के साथ आंधी-तूफान आने की संभावना है। साथ ही दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक कोहरा गिरने और हल्की बारिश की संभावना है। इससे ठंड में इजाफा होने की उम्मीद है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक सुबह के समय हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है। रविवार को कोहरा घना हो सकता है। दिल्ली में आज दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। शाम और रात के समय हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। कल 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।

समूचा हिमाचल प्रदेश शीतलहर की चपेट में है। कहीं-कहीं तो पारा शून्य से नीचे है। वहीं दूसरी तरफ हिमाचल प्रदेश में पिछले दिनों हुई भारी बर्फबारी से ठंड का असर बना हुआ है और आम जनजीवन प्रभावित है। हालांकि गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में धूप खिलने से लोगों को राहत मिली है। धूप से न केवल दिन के तापमान में मामूली वृद्धि हुई है, बल्कि बर्फबारी से अवरुद्ध सड़कों को खोलने का कार्य भी तेजी से जारी है। वहीं राज्य के मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं कोहरे का भी असर दिखाई दे रहा है। बिलासपुर और मंडी जिलों में सुबह के वक्त घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता घटने से यातायात प्रभावित हुआ है। हालांकि दिन में धूप निकलने से स्थिति बेहतर हो रही है और ठंड में भी कुछ राहत मिल रही है।

मौसम विभाग ने अगले 24 घण्टों बाद पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने से फिर से बर्फबारी का अनुमान जताया है। 27 से 29 दिसम्बर तक पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानों में वर्षा के आसार हैं। इससे ठंड का प्रकोप और बढ़ेगा। खास बात यह है कि नए साल की शुरूआत भी बर्फबारी से होने की संभावना बनी हुई है।राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक प्रदेश भर में गुरूवार सुबह तक बर्फबारी के कारण तीन नेशनल हाइवे और 157 सड़कों पर यातायात पूरी तरह से अवरुद्ध है। ये हाइवे और सड़कें पिछले चार दिनों से बंद हैं। इनमें सबसे ज्यादा 72 सड़क शिमला जिला के ऊपरी क्षेत्रों कोटखाई, जुब्बल, रोहड़ू, रामपुर, चौपाल, कुपवी, कुमारसेन और डोडरा क्वार उपमंडलों की शामिल हैं।

हालांकि शिमला जिला मुख्यालय से रोहड़ू, रामपुर और चौपाल को जाने वाली मुख्य सड़कों को बहाल कर दिया गया है। शिमला जिले के कुफरी, फागू और नारकण्डा क्षेत्रों में बर्फ की परतें इतनी मोटी थीं कि वाहनों की आवाजाही बिल्कुल बंद हो गई थी। प्रशासन ने वहां मिट्टी डालकर बर्फ को हटाने का प्रयास किया है, ताकि लोगों को आने-जाने में कोई परेशानी न हो। लेकिन सुबह-सुबह यहां की सड़कों पर फिसलन की समस्या बनी रही तथा वाहन चालकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

Related Articles

Back to top button