मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

इंडिया’ गठबंधन की सरकार बनने पर दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा सुनिश्चित किया जाएगा: केजरीवाल

नयी दिल्ली: 19 मई (ए) दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को दावा किया कि भाजपा इस बात से घबरा गई है कि लोकसभा चुनाव के बाद केंद्र में ‘इंडिया’ गठबंधन सत्ता में आएगा और इसमें शामिल आम आदमी पार्टी (आप) राष्ट्रीय राजधानी के लिए पूर्ण राज्य का दर्जा सुनिश्चित करेगी।

पार्टी के दक्षिण दिल्ली से लोकसभा उम्मीदवार सहीराम पहलवान के समर्थन में कालकाजी में एक नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा, “भाजपा इस तथ्य से घबरा गई है कि जब चार जून को लोकसभा चुनाव परिणाम घोषित होंगे तो उसे हार का सामना करना पड़ेगा।”

आप के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा, ‘(प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी जी अपशब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने शरद पवार को ‘भटकती आत्मा’ कहा। मोदी जी 74 साल के हैं और पवार जी 84 साल के हैं। क्या एक बुजुर्ग व्यक्ति के लिए ऐसी भाषा का इस्तेमाल करना सही है?’

यह उम्मीद व्यक्त करते हुए कि ‘इंडिया’ गठबंधन चार जून को सत्ता में आएगा, केजरीवाल ने कहा, ‘आप सरकार का हिस्सा होगी। हम दिल्ली के लिए पूर्ण राज्य का दर्जा सुनिश्चित करेंगे। दिल्ली में अच्छे सरकारी स्कूल और अस्पताल हैं लेकिन कानून-व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है।’

अंबेडकर नगर में एक अन्य चुनावी सभा में आप के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा, ‘मैंने पिछले कुछ दिनों में देश भर में यात्रा की है और लोग बेरोजगारी से तंग आ चुके हैं। लेकिन प्रधानमंत्री सोच रहे हैं कि किसे जेल भेजा जाए। वे सभी आप नेताओं को गिरफ्तार करेंगे। क्या हमने प्रधानमंत्री चुना है या थानेदार?’

केजरीवाल ने कहा, ‘पुलिस शिकायतकर्ताओं की नहीं सुनती। हमने दिल्ली में स्कूलों और अस्पतालों में सुधार किया है। अब हम यहां कानून व्यवस्था की स्थिति में सुधार करेंगे।’

Related Articles

Back to top button