पठान के भगवा पर छत्तीसगढ़ में भी रार, भूपेश के बयान पर वार और पलटवार

रायपुर(realtimes) शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की फिल्म पठान के भगवा पर सियासत थमने का नाम नहीं ले रही है। देश भर में चल रही सियासत ने अब अपने पैर छत्तीसगढ़ में भी पसार लिए हैं। इस मामले में अब प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की एंट्री होने के बाद यहां भी बवाल हो गया है। मुख्यमंत्री ने इस मामले में कहा है कि यह त्याग का प्रतीक है, लेकिन बजरंगी गुंडे इसे धारण कर रहे हैं, इन्हाेंने काैन सा त्याग किया है। इस पर प्रदेश के पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने हमला करते हुए सवाल किया है क्या एनएसयूआई के लोग राष्ट्र भक्त हैं। इधर, हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने तो मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को राक्षसी प्रवृत्ति का कह दिया।भाजपा के प्रदेश महामंत्री ओपी चाैधरी ने इस मामले में कांग्रेसियाें काे ही हिस्ट्रीशीटर कहा है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, भगवा रंग को वह ही धारण करता है, जिसने घर परिवार और समाज को त्याग दिया हो। मगर, जो बजरंगी गुंडे भगवा रंग के गमछे पहनकर निकले हैं, उन्होंने त्याग कुछ नहीं किया है, बल्कि वसूली करने के लिए भगवा पहन रहे हैं। रंगों से किसी की जाति-धर्म तय नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा, ये विवाद का मुद्दा ही नहीं है। भाजपा के पास कोई मुद्दा ही नहीं बचा है। इसीलिए जो जनता और समाज के मुद्दे नहीं हैं, उसे सामने लाकर वो ध्रुवीकरण कर रही है। कोई व्यक्ति किसी भी रंग का कपड़ा पहन लेता है, तो उससे कुछ हो नहीं जाता। हमारे कार्यक्रम में कुछ लोग काले कपड़े पहन कर आए हैं तो क्या वो मुख्यमंत्री का विरोध करने आए हैं।
हरियाणा के गृहमंत्री बाेले-मुख्यमंत्री राक्षस प्रवृत्ति के महानुभाव
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने कहा, हिंदुस्तान की सनातन संस्कृति का अध्ययन करें, तो हर युग में देवता भी रहे हैं और राक्षस भी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री आज के राक्षस प्रवृत्ति के महानुभाव हैं। उन्होंने कहा, इन्हें भगवा में इतना दोष नजर आता है। जब दिन चढ़ता है तो भगवा होता है और रात होती है तब भी भगवा होता है। तिरंगे में भी भगवे को सबसे ऊपर लिया गया है। अगर इन्हें इसमें दोष नजर आ रहा है, तो इनको तुरंत तिरंगे के सामने जिस पद की शपथ ली, उससे त्यागपत्र दे देना चाहिए।
चंद्राकर ने कहा- क्या एनएसयूआई के लाेग राष्ट्रभक्त हैं
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कहा, भगवा रंग को लेकर भूपेश बघेल का अध्ययन कम है। अगर बजरंगी उनकी नजर में गुंडे हैं तो क्या एनएसयूआई के लोग राष्ट्र भक्त हैं। उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री कुछ भी बोलते हैं। उनके बोलने से हमारे विचार और आंदोलन में कोई फर्क नहीं पड़ता। केसरिया के बारे में उनका अध्ययन सही नहीं है।
चौधरी बोले-कांग्रेसी हिस्ट्रीशीटर गुंडे
प्रदेश भाजपा महामंत्री ओपी चौधरी ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा भगवाधारियों को वसूली करने वाले बजरंगी गुंडे कहे जाने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, भगवाधारी नहीं, प्रदेश के अफसर वसूलीबाज और कांग्रेसी हिस्ट्रीशीटर गुंडे हैं। श्री चौधरी ने कहा, यहां तो हिंदू सनातन धर्म संस्कृति के घनघोर विरोधी पिता-पुत्र ने सनातन संस्कृति और उनके प्रतीकों के साथ हिंदुत्व की धर्म ध्वजा फहराने वालों को गरियाने का ठेका ले रखा है। पिता सनातन संस्कृति की आत्मा प्रभु श्रीराम का अपमान करने को अपना परम धर्म मानते हैं और पुत्र राम भक्त हनुमान के आराधकों को अवैध वसूली करने वाले गुंडे कह रहे हैं। यह सरकार है या हिंदू धर्म विरोधी षड्यंत्र की पाठशाला है या अधर्मियों का वह शिविर है, जहां हिंदुत्व का तिरस्कार करने के नित-नए प्रयोग किए जाते हैं।



