आज रात 10 बजे आएंगे केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह, ये है पूरा कार्यक्रम

रायपुर. केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज रात्रि 10 बजे वायुसेना के विशेष विमान से रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर उतरेंगे, जहां से उनका तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा प्रारंभ होगा। इस दौरे को अत्यधिक महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि श्री शाह राजधानी में नक्सलवाद के उन्मूलन पर एक उच्चस्तरीय बैठक का संचालन करेंगे।
श्री शाह इस दौरान नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के नए कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। उनके साथ गृह मंत्रालय के शीर्ष अधिकारी भी रायपुर पहुंचेंगे, जहां वे तीन दिन तक ठहरेंगे और इस दौरान विभाग से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी का अवलोकन करेंगे। आस-पास के राज्यों में नक्सल गतिविधियों की रिपोर्ट भी उन्हें प्रस्तुत की जाएगी, जिसके लिए छत्तीसगढ़ के डीजीपी ने पहले ही रिपोर्ट तैयार कर ली है, जो इस उच्चस्तरीय बैठक में पेश की जाएगी।
कार्यक्रम की रूपरेखा:
- अमित शाह 23 से 25 अगस्त तक रायपुर में रहेंगे।
- 24 अगस्त 2024 को प्रातःकाल चम्पारण स्थित महाप्रभु वल्लभाचार्य आश्रम का दौरा करेंगे।
- छत्तीसगढ़ और पड़ोसी राज्यों के मुख्य सचिव और डीजीपी के साथ अंतर्राज्यीय समन्वय बैठक।
- नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के मुद्दों पर विचार-विमर्श।
- 25 अगस्त 2024 को प्रातः 10:30 बजे रायपुर स्थित एन.सी.बी. कार्यालय का उद्घाटन और समीक्षा बैठक में भागीदारी।
- दोपहर 01:30 बजे होटल मेफेयर में छत्तीसगढ़ में सहकारिता के विस्तार पर बैठक में भागीदारी।
- भाजपा नेताओं और मंत्रियों के साथ सरकार और संगठन के कार्यों की समीक्षा।



