अमित शाह की आज दुर्ग में आम सभा

रायपुर(realtimes) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आज दोपहर एक बजे रायपुर आगमन हाेगा। विमानतल पर खाना खाने के बाद वे हेलीकॉप्टर से भिलाई जाएंगे। वहां वे पहले पद्मश्री पंडवानी गायिका उषा बारले के घर जाएंगे और वहां से दुर्ग के स्टेडियम पहुंचकर सभा काे संबोधित करेंगे। आम सभा के बाद गृह मंत्री मप्र के लिए उड़ान भरेंगे। सभा में 50 हजार से ज्यादा की भीड़ जुटाने का दावा किया जा रहा है।
केंद्र सरकार के 9 साल पूरे होने के अवसर पर देश भर में कार्यक्रम हो रहे हैं। ऐसे में अपने राज्य में लगातार केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय नेता आ रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सभा आज दुर्ग में तय की गई है। सभा में शामिल होने के लिए श्री शाह आज दोपहर बजे दिल्ली से रायपुर पहुंचेंगे। श्री शाह विमानतल पर ही प्रदेश भाजपा के नेताओं के साथ लंच करेंगे और विमानतल से ही हेलीकॉप्टर में भिलाई जाएंगे। श्री शाह के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की 30 जून को बिलासपुर में आम सभा होगी। इसकी भी तैयारी चल रही है।
आम सभा में रहेंगे ये नेता
दुर्ग में जो आम सभा रखी गई है, वह एक तरह से इस साल प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा का चुनावी आगाज ही है। श्री शाह की सभा में मंच पर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सहप्रभारी नितिन नवीन, प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल, केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह, दुर्ग के सांसद विजय बघेल, राजनांदगांव के सांसद संतोष पांडेय राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय, पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय, दुर्ग संभाग के प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी उपस्थित रहेंगे।



