मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

अनियंत्रित ट्रैक्टर के पलटने से चालक की हुई मौत, दूसरा घायल

पलामू। पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के डाली से सटे शाही गांव में शनिवार को अनियंत्रित होकर एक ट्रैक्टर के पलटने से चालक की दबकर मौत हो गई। ट्रैक्टर पर बैठे एक अन्य युवक को हल्की चोटें आईं हैं। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर मालिक के सहयोग से चालक के शव को बाहर निकलवाया। पोस्टमार्टम के लिए एमआरएमसीएच में भेजा। मृत चालक की पहचान पाटन थाना क्षेत्र के सकलदीपा गांव के स्वर्गीय मुखदेव भुइयां का 28 वर्षीय पुत्र प्रवेशी भुइयां के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार छतरपुर के डाली गांव में बालू अनलोड कर ट्रैक्टर तेजी से पाटन की ओर जा रहा था। डाली से पाटन जाने के क्रम में शाही गांव के समीप ऊबड़-खाबड़ रास्ता होने के कारण ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। इससे चालक गाड़ी के नीचे आकर दब गया। वहीं ट्रैक्टर पर बैठा एक अन्य युवक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक के शव काे बाहर निकाला। घटना की सूचना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

छतरपुर पुलिस ने बताया कि डाली क्षेत्र से बालू गिराकर वापस लौटने के क्रम में हादसा होने से ट्रैक्टर के नीचे दबकर चालक की मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है। बताया जाता है कि पाटन इलाके से हर दिन बड़ी संख्या में ट्रैक्टर अवैध बालू लेकर छतरपुर के डाली क्षेत्र में गिराने जाते हैं। तेज गति से चलने के कारण अक्सर दुर्घटना होती है। कभी ग्रामीणों की मौत हो जाती है तो कभी ट्रैक्टर पर बैठे मजदूर और चालक की दबकर जान चली जाती है। बावजूद बालू के अवैध कारोबार पर अंकुश नहीं लग पाता। इन घटनाओं से बालू माफिया को कोई फर्क नहीं पड़ता।

Related Articles

Back to top button