स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव जूनियर डॉक्टरों की मांग पूरी करें या इस्तीफा दें -बांधी

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा प्रवक्ता व राज्य शासन के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी ने राज्य के जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल से स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा जाने और मरीजों की जान पर संकट खड़ा हो जाने का हवाला देते हुए कहा, या तो स्वास्थ्य मंत्री जूनियर डॉक्टरों की जायज मांगों को फौरन पूरी करें या फिर स्वास्थ्य मंत्री का पद छोड़ दें।
श्री बांधी ने कहा, स्वास्थ्य मंत्री फंड का रोना रोते हुए गेंद मुख्यमंत्री के पाले में उछाल रहे हैं और मुख्यमंत्री को सिंहदेव के विभाग के लिए फुर्सत नहीं है। इन दोनों के सत्ता संघर्ष में राज्य की गरीब जनता की जान पर बन आई है। श्री बांधी ने कहा कि आम गरीब, मध्यम वर्ग के लोग अपने इलाज के लिए सरकारी अस्पताल के भरोसे रहते हैं। जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल से प्रदेश की गरीब जनता को इलाज नहीं मिल पा रहा है। जूनियर डॉक्टर स्टाइफंड व अनुबंधित डाक्टरों का मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर 5 दिनों से हड़ताल पर हैं। 2019 से इन जूनियर डॉक्टरों का मानदेय नहीं बढ़ा है। एक लाख करोड़ का भारी- भरकम बजट पेश करने का दावा करने वाली कांग्रेस सरकार की आर्थिक बदहाली की पोल फिर खुल गई है। 4 साल में 60 हजार करोड़ का कर्ज लेने वाली भूपेश सरकार सिर्फ 60 करोड़ के लिए छत्तीसगढ़ के सारे गरीबों की जान की दुश्मन बन गई है।


