स्मार्ट सिटी का पॉवर कंपनी काे तगड़ा करंट, ताराें काे अंडरग्राउंड करने का काम लिया अपने हाथाें में

रायपुर(realtimes) स्मार्ट सिटी ने पॉवर कंपनी काे तगड़ा करंट देते हुए अब शहर के आधा दर्जन से ज्यादा मार्गों के बिजली के तारों को अंडरग्राउंड करने का जो काम अपने हाथाें में ले लिया है। इसके पहले स्मार्ट सिटी ने छत्तीसगढ़ राज्य पॉवर कंपनी को यह काम दिया था, पर यह काम कंपनी नहीं कर सकी, क्योंकि टेंडर विवाद में फंस गया और यह टेंडर रद्द कर दिया गया। अब स्मार्ट सिटी इस योजना के 31 करोड़ रुपए पॉवर कंपनी से वापस ले रही है। पूरे पैसे वापस आने के बाद स्मार्ट सिटी खुद टेंडर करके यह काम करेगी। इस समय स्मार्ट सिटी बूढ़ा तालाब के चारों तरफ के तारों को अंडरग्राउंड करने का काम कर रही है। यह अलग योजना है, इस पर दस करोड़ खर्च हो रहे हैं।राजधानी रायपुर के ज्यादातर मार्गों में बिजली के तारों का जाल बिछा हुआ है। इसकी वजह से बहुत परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर बाजारों के तारों से ज्यादा परेशानी होती है। करीब डेढ़ दशक पहले बाजारों को तारों से मुक्त करने की योजना बनाई गई, लेकिन यह योजना पूरी नहीं हो सकी। अब एक बार फिर से योजना बनाई गई है। इस बार योजना पूरी होने की संभावना है, लेकिन इसमें भी अब एक बड़ा पेंच टेंडर में गड़बड़ी का फंस गया और अंतत: उसे रद्द कर दिया गया है। इसके बाद पॉवर कंपनी इसका फिर से टेंडर करने वाली थी, लेकिन स्मार्ट सिटी ने कंपनी से पैसे ही वापस मांग लिए।
छह माह किए खराब
स्मार्ट सिटी के अधिकारियों का कहना है कि पॉवर कंपनी ने योजना को लेकर हमारा छह माह का समय ही खराब कर दिया। एक छोटी सी योजना काे कंपनी पूरा नहीं कर सकी। मार्च से पहले योजना का एस्टीमेट 25 करोड़ दिया गया। इसके बाद नए सत्र में एस्टीमेट बढ़ा दिया गया। इसके भी छह करोड़ कंपनी को दिए गए। लेकिन टेंडर 31 करोड़ से ज्यादा का मंजूर करने के चक्कर में टेंडर रद्द करना पड़ा। अगर कंपनी फिर से टेंडर करती तो संभव है और समय खराब होता, इसलिए अब कंपनी से पैसे वापस मांगे गए हैं।
मार्च तक काम करेंगे पूरा
स्मार्ट सिटी के अधिकारियों का कहना है, पॉवर कंपनी ने पैसे वापस आ रहे हैं, कुछ आ गए हैं, बाकी आने वाले हैं। पूरे पैसे आते ही इस माह के अंत में या दिसंबर में टेंडर करके काम प्रारंभ करेंगे। मार्च 2023 तक काम पूरा कर लिया जाएगा। जिन आधा दर्जन मार्गों को तारों से मुक्त किया जाएगा। उसमें सबसे अहम जयस्तंभ चौक से मालवीय रोड का मार्ग है। इसी के साथ जयस्तंभ चौक से फाफाडीह तक भी तारों को हटाकर अंडरग्राउंड किया जाएगा। राजीव गांधी मार्ग से शास्त्री चौक के साथ ही लाखेनगर से तीन तरफ के मार्ग पहला लाखेनगर से बूढ़ेश्वर मंदिर चौक, लाखेनगर से आमापारा और लाखेनगर से जोन पांच कार्यालय होते हुए वंदना आटो तक का मार्ग शामिल है।
बूढ़ातालाब की अलग योजना
इस समय शहर में बूढ़ा तालाब के चारों तरफ के तारों को अंडरग्राउंड करने का काम चल रहा है। इसके लिए स्मार्ट सिटी ने टेंडर करके काम दिया है। इस काम का सुपर विजन करने का काम पॉवर कंपनी के अधिकारी कर रहे हैं। दूसरी योजना का भी सुपर विजन पॉवर कंपनी करेगी। इसका जो भी शुल्क है, वह स्मार्ट सिटी देगी।



