राजधानी रायपुर में ज्वेलरी का बड़ा कारोबार, कई राज्यों के कारोबारियों यहां आने तैयार - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
businessCity

राजधानी रायपुर में ज्वेलरी का बड़ा कारोबार, कई राज्यों के कारोबारियों यहां आने तैयार

रायपुर(realtimes) राजधानी रायपुर में ज्वेलरी का सबसे बड़ा कारोबार होने लगा है। यही वजह है कि अब हर राज्य के बड़े कारोबारी रायपुर का रुख कर रहे हैं। यहां पर लगातार दूसरे राज्यों के भी बड़े-बड़े शोरूम खुल रहे हैं। इंदौर के आनंद ज्वेलर्स के बाद रायपुर में भिलाई और दुर्ग के सहेली ज्वेलर्स का शोरूम खुला है। बरसों से रायपुर के साथ प्रदेश के कई शहरों में शोरूम संचालित करने वाले अनोपचंद-तिलोकचंद (एटी ज्वेलर्स) ने अपना तीसरा शोरूम खोल दिया है। कपड़ा सेक्टर में बड़ा नाम सुमित बाजार ने भी सराफा के क्षेत्र में एंट्री की है। आने वाले समय में दक्षिण भारत के भी कई बड़े कारोबारी रायपुर आने की याेजना बना रहे हैं।
रायपुर के छत्तीसगढ़ की राजधानी बनने के बाद से ही यहां पर जहां एक तरफ आबादी में लगातार इजाफा हो रहा है, वहीं हर सेक्टर में कारोबार की नई संभावना भी नजर आने लगी है। रायपुर ने देश भर के ज्वेलरी कारोबारियों को भी आकर्षित किया है। लगातार यहां पर बड़े ब्रांड अपने शोरूम खोल रहे हैं। आने वाले समय में थोक में और बड़े ब्रांड आएंगे। रायपुर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश भंसाली कहते हैं, शहर के बढ़ने के साथ कारोबार भी बढ़ा है तो बाहर के राज्यों के भी बड़े ब्रांड यहां आ रहे हैं। आने वाले समय में दक्षिण के भी बड़े ब्रांड के शोरूम यहां खुलेंगे। ग्राहकों को ही इसका फायदा मिल रहा है। लोगों को ज्यादा डिजाइन और वैरायटी मिल रही हैं।
एटी ज्वेलर्स ने दिखाया रास्ता
रायपुर के नामी अनोपचंद-तिलोकचंद ज्वेलर्स के तिलोकचंद बरड़िया का कहना है, हमारे संस्थान ने बाजार बनाने का काम किया है आज यही वजह है कि लोग रायपुर की तरफ भागे आ रहे हैं। इसमें संदेह नहीं है कि राजधानी होने के कारण रायपुर में कारोबार का बड़ा स्कोप है। प्रदेश सरकार भी पूरा सहयोग करती है। ऐसे में कारोबारियों का यहां आना लाजमी है। आज रायपुर ज्वेलरी का बड़ा हब है कहना गलत नहीं होगा। उन्होंने बताया उनके शोरूम में 40 से 50 हजार वैरायटी है। श्री बरड़िया का कहना है जितने ज्यादा शोरूम खुलेंगे लोगों को नई-नई वैरायटी मिलेगी।
ज्वेलरी सेक्टर में बूम
सुमित कपड़ा बाजार वालों ने भी सराफा सेक्टर में कदम रखा है। सुमित ज्वेलर्स के संचालक अशोक कांकरिया का कहना है, वर्तमान समय में सिटी का क्षेत्रफल बढ़ा है, आबादी बढ़ी है, लोगों की पसंद भी बदली है। लोगों को नई-नई वैरायटी की दरकार है। ग्राहकों की पसंद की ज्वेलरी बनाना ही आज हम लोगों का काम है। हमारे संस्थान 40 हजार से ज्यादा वैरायटी है। उन्होंने कहा, आज ज्वलेरी सेक्टर में बड़ा बूम आया है।
दूसरे राज्यों की भी पसंद
चार दशक से ज्यादा समय से सराफा का कारोबार करने वाले रायपुर सराफा एसोसिएशन के मुख्य सलाहकार लक्ष्मीनारायण लाहोटी का कहना है, रायपुर तो ओडिशा और महाराष्ट्र की भी पहली पसंद है। अगर नागपुर में किसी आइटम की सौ डिजाइन मिलेगी को यहां पर उसी आइटम की पांच सौ डिजाइन मिल जाएगी। रायपुर में तीन हजार से ज्यादा कारीगर काम करते हैं। यहां पर सौ से ज्यादा कारोबारी डिजाइन बनाने का काम करवाते हैं।

Related Articles

Back to top button