ख़ास ख़बर: गणपति की जमकर बरसेगी ऑटोमोबाइल पर कृपा - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
businessState

ख़ास ख़बर: गणपति की जमकर बरसेगी ऑटोमोबाइल पर कृपा

गणेश चतुर्थी पर पहले दिन से थाेक में बिकने लगे वाहन

रायपुर(realtimes) गणेश चतुर्थी का आज से आगाज हो गया है। इसी के साथ बाजार में भी रौनक बढ़ गई है। इस मौके पर ही सबसे ज्यादा वाहन बिकते हैं। पूरे 11 दिनों तक वाहनों की जमकर खरीदारी होती है। पहले ही दिन से थाेक में वाहन बिकने प्रारंभ हाे गए हैं। 11 दिनाें में पूरे प्रदेश में 15 हजार दुपहिया और करीब तीन हजार चारपहिया बिकने का अनुमान है। ऐसे में करीब चार सौ करोड़ का कारोबार हो जाएगा। कुछ कारों में अभी भी लंबी वेटिंग चल रही है। सबसे ज्यादा वेटिंग महिंद्रा एंड महिंद्रा के नए मॉडल एक्सयूवी 700 में चल रही है। इसके अलग-अलग माडलों पर चार माह से साल भर की वेटिंग है। दूसरे दुपहिया वाहनों में भी तीन से चार माह की वेटिंग है। अब कुछ माॅडल तत्काल भी मिलने लगे हैं।

त्योहारी सीजन का आगाज गणेश चतुर्थी से हो गया है। इसमें ऑटोमोबाइल का कारोबार सबसे ज्यादा होता है। लोग वाहनों की खरीदारी मुहूर्त देखकर करते हैं। गणेश चतुर्थी में पूरे 11 दिनों तक मुर्हूत माना जाता है। ऐसे में लोग हर रोज वाहन लेते हैं। यही वजह है कि 11 दिनों तक राजधानी रायपुर के साथ पूरे प्रदेश में जमकर खरीदारी होती है।

जमकर बिकेंगे वाहन

गणेश चतुर्थी के 11 दिनों में प्रदेश में करीब 15 हजार दुपहिया वाहन बिकने का अनुमान है। जीके होंडा के पुनीत पारवानी के मुताबिक रायपुर में ही करीब साढ़े तीन हजार दुपहिया बिक जाएंगे। दुपहिया वाहनों की कीमत 70 हजार से लेकर दो लाख और इससे ज्यादा के भी दुपहिया हैं। ज्यादातर 70 हजार से दो लाख तक के वाहन बिकते हैं। ऐसे में अगर औसत एक वाहन की कीमत 80 हजार मान ली जाए तो 120 करोड़ का कारोबार दुपहिया वाहनों का ही हो जाएगा। तीन हजार कारें बिकने की संभावना भी आटो मोबाइल्स कारोबारी बता रहे हैं। एक चारपहिया वाहन पांच से 20 लाख तक आते हैं। इससे ज्यादा के भी मॉडल हैं। एक वाहन की औसत कीमत दस लाख मानने पर तीन सौ करोड़ का कारोबार चारपहिया वाहनों का होगा।

डीजल वाहनों में ज्यादा वेटिंग

चारपहिया वाहनों में पिछले दो साल से लंबी वेटिंग चल रही है। हालांकि अब वेटिंग कुछ कम हो गई है, लेकिन कुछ मॉडल काे छोड़कर कोई भी वाहन तत्काल नहीं मिल रहा है। देश की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनियों में शुमार महिंद्रा एंड महिंद्रा की एक्सयूवी 700 में सबसे ज्यादा वेटिंग है। इसके मॉडलों में चार माह से एक साल की वेटिंग है। इसी कंपनी की थार जीप में पेट्रोल मॉडल में दो से तीन माह और डीजल मॉडल में 7 से 8 माह की वेटिंग है। इसके अलावा होंडा की क्रेटा कार, निशान की मैग्नाइट, मारुति की अर्टिगा कार में 2 से 3 माह की वेटिंग है।

Related Articles

Back to top button