माथुर ने भी दिए डैमेज कंट्रोल के प्रत्याशियों काे निर्देश - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

माथुर ने भी दिए डैमेज कंट्रोल के प्रत्याशियों काे निर्देश

रायपुर(realtimes) विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के 21 प्रत्याशियों के ऐलान के बाद कई स्थानों पर भारी नाराजगी सामने आई है। इसकाे जहां प्रदेश संगठन दूर करने में लगा है, वहीं को प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने भी प्रत्याशियों के साथ बातचीत उनसे कहा, सबसे पहला काम आपको यह करना है कि अपने विधानसभा में उन रूठों को मनाएं जो टिकट चाहते थे और उनको टिकट नहीं मिला है। इनके घरों तक जाएं और इन सबको मनाकर साथ लेकर चलें। बूथों से लेकर शक्ति केंद्र और मंडलों में लोगों से मिले। नए मतदाताओं को भी जोड़े। जीत के लिए अभी से जुट जाएं। इसीलिए आप सबको पहले से प्रत्याशी बनाया गया है। आपके पास अब पर्याप्त समय है, समय का उपयोग करें और जीत पाने के लिए हर संभव काम करें। सभी वरिष्ठों का भी सहयोग लें।
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने विधानसभा चुनाव के लिए अलग रणनीति के तहत पहली बार आचार संहिता लगने से पहले उन सीटों पर अपने प्रत्याशी तय कर दिए हैं, जिन सीटों पर भाजपा या तो कभी नहीं जीती है या फिर दो या इससे ज्यादा बार से भाजपा को जीत नहीं मिली है। इन सीटों पर प्रत्याशी तय करके उनको ज्यादा समय देने का काम किया गया है।
विरोध करने वालों तक जाएं
प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने सबसे पहले वन टू वन करके प्रत्याशियों से यह जानने का प्रयास किया कि किनके क्षेत्र में उनकाे प्रत्याशी बनाए जाने का विरोध हो रहा है क्या। इसके बाद ऐसे प्रत्याशियों से श्री माथुर ने कहा, आपका भी यह काम है कि आप विरोध करने वालों के घरों तक जाएं और उनको मनाने का काम करें, ताकि आप उनका साथ लेकर पार्टी के लिए जीत प्राप्त करने का काम कर सकें। आप खुद से विरोध करने वालों के घरों तक जाएंगे तो वे जरूर मानेंगे, आखिर वे हैं तो हमारी पार्टी के ही कार्यकर्ता। भाजपा में सभी पार्टी के लिए काम करते हैं।
बूथों पर करें फोकस
प्रत्याशियों को बूथों पर फोकस करने के लिए कहा गया। इसी के साथ शक्ति केंद्रों, मंडलों में जाकर भाजपा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं से भी मिलने के निर्देश दिए गए। इसी के साथ ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं के घरों तक अभी से जाने के लिए कहा गया। नए मतदाताओं पर भी बड़ा फोकस करने के लिए कहा गया है। जिनके नाम मतदाता सूची में नहीं हैं, उनके नाम जुड़वाने और मतदाता सूची में त्रुटियों को भी ठीक करवाने में मतदाताओं की मदद करने के निर्देश दिए गए हैं। श्री माथुर ने कहा, ग्रामीण जन आपके व्यवहार को बारीकी से परखता है, यह ध्यान रखें। भाजपा की केंद्र सरकार व प्रदेश की पूर्ववर्ती भाजपा सरकार द्वारा किए गए कार्यों और वर्तमान कांग्रेस सरकार के साथ तुलनात्मक विवरण जनता के सामने रखें।
रमन-साव का भी मिला मार्गदर्शन
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव ने भी प्रत्याशियों को मार्गदर्शन दिया। प्रत्याशियों को जीत के लिए मेहनत करने और जनसंपर्क में ज्यादा से ज्यादा समय देने के लिए कहा गया। श्री साव ने प्रत्याशियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि आज उपस्थित प्रत्याशियों में से अधिकांश को तो यह पता भी नहीं रहा होगा कि वे प्रत्याशी बनाए जा रहे हैं। डॉ. सिंह ने कहा, आप पूरे क्षेत्र का दौरा करें लेकिन यह भी जरूर याद रखें कि चुनाव बूथ में होते हैं और इसलिए हम हर बूथ तक, हर दरवाजे तक पहुंचकर जन-अपेक्षाओं को समझें। प्रदेश सह-प्रभारी नितिन नवीन ने भी चुनाव के लिहाज से तकनीकी बिंदुओं पर प्रत्याशियों का मार्गदर्शन किया। बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, घोषणा पत्र समिति के संयोजक विजय बघेल, पूर्व कैबिनेट मंत्री (उत्तर प्रदेश) सिद्धार्थ नाथ सिंह, महामंत्री संगठन पवन साय, महामंत्री विजय शर्मा व ओपी चौधरी आदि उपस्थित थे।
बैठक में प्रदेश सह-प्रभारी नितिन नवीन ने भी चुनाव के लिहाज से कतिपय तकनीकी बिंदुओं पर प्रत्याशियों का मार्गदर्शन किया।

Related Articles

Back to top button